मुंबई। Housefull 5 Climax: साजिद नाडियाडवाला की फिल्म हाउसफुल 5 ने ऐसा कारनामा कर दिया है, जो पूरी दुनिया में पहले कभी नहीं हुआ। यह फिल्म दो क्लाइमैक्स के साथ सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इस फ्रेंचाइजी की कहानी इस तरह लिखी गई है, ताकि क्लाइमैक्स में कातिल बदला जा सके।
दो कातिल बढ़ाएंगे हाउसफुल 5 का सस्पेंस
मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर मुंबई में आयोजित एक इवेंट में रिलीज किया गया, जिसमें निर्माता और फिल्म के लेखक साजिद नाडियाडवाला ने यह जानकारी दी। साजिद ने बताया कि पिछले 30 सालों से वो यह सोच रहे थे कि जब वो थ्रिलर फिल्म बनाएंगे तो उसमें अलग क्या होगा।
मैंने एक कहानी लिखी, जिसमें हर थिएटर में अलग कातिल निकलेगा। गेटी में देख रहे हैं तो अलग कातिल होगा। गैलेक्सी में कोई और कातिल होगा। पीवीआर में स्क्रीन 4 पर अलग कातिल होगा, स्क्रीन 5 पर देखेंग तो दूसरा कातिल होगा।
अलग शो टाइमिंग पर फिल्म देखेंगे तो भी अलग कातिल निकल सकता है। साजिद ने बताया कि दुनिया में ऐसा पहली बार हो रहा है। इसकी शूटिंग काफी बाद में की गई थी। फिल्म से जुड़े आधे लोगों को नहीं पता कि कातिल कौन है?
कॉमेडी फ्रेंचाइजी में पहली बार मर्डर मिस्ट्री
यह पहली बार है, जब कॉमेडी फ्रेंचाइजी हाउसफुल में मर्डर मिस्ट्री का तड़का लगाया गया है। हाउसफुल 5 का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है।
फिल्म की कहानी एक क्रूज पर दिखाई गई है, जहां एक बड़े बिजनेसमैन की वसीयत की घोषणा की जानी थी, मगर वहां एक कत्ल हो जाता है। शक के दायरे में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख आते हैं। तीनों के ही निकनेम जॉली हैं।
फिल्म में 18 कलाकार प्रमुख किरदारों में नजर आएंगे। इनमें अक्षय, अभिषेक और रितेश के अलावा नाना पाटेकर, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, डीनो मोरिया, चित्रांगदा सिंह, नरगिस फाखरी, सोनम बाजवा और जैकलीन फर्नांडिज शामिल हैं।
हाउसफुल 5, 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।