मुंबई। Housefull 5 Teaser: हाउसफुल हिंदी सिनेमा की सफल और लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शामिल है, जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल निभाते हैं। 30 अप्रैल को इस फ्रेंचाइजी की उम्र 15 साल हो गई और इस मौके पर मेकर्स ने फिल्म की पांचवीं किस्त की पहली झलक साझा की है।
जून में रिलीज हो रही हाउसफुल 5 में अक्षय कुमार के साथ बॉलीवुड के कई बेहतरीन कलाकार प्रमुख किरदारों में नजर आएंगे। हाउसफुल 5 का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है, जबकि निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं।
इस फिल्म के साथ अक्षय एक बार फिर फुल कॉमेडी वाले अंदाज में वापसी कर रहे हैं, जिसका उनके फैंस को काफी समय से इंतजार था।
कॉमेडी के साथ मर्डर मिस्ट्री का तड़का
फिल्म का पहला टीजर (Housefull 5 Teaser) और पोस्टर काफी दिलचस्प है और इसमें फिल्म के सभी किरदारों को दिखाया गया है। पाचंवीं किस्त की कहानी एक क्रूज पर दिखाई गई है और एक कत्ल के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर में मास्कधारी कातिल की झलक दिखाई गई है।
यह भी पढ़ें: Movies In Cinemas In May: मई में सुधरेंगे बॉक्स ऑफिस के हालात? Raid 2 समेत इन तीन फिल्मों पर है दारोमदार
कब रिलीज होगी फिल्म और क्या है स्टार कास्ट?
अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, संजय दत्त, श्रेयस तलपड़े, फरदीन खान, चंकी पांडे, जैकलीन फर्नांडिस, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, चित्रांगदा सिंह, जॉनी लीवर, डिनो मोरिया, रंजीत, सौंदर्या शर्मा, निकितिन धीर और आकाशदीप साबिर स्टार कास्ट का हिस्सा हैं।
हाउसफुल 5, 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
2010 में शुरू हुई थी फ्रेंचाइची
हाउसफुल फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2010 में हुई थी। पहली फिल्म का निर्देशन साजिद खान ने किया था। दो साल बाद 2012 में हाउसफुल 2 आई। इस फिल्म को भी साजिद खान ने ही निर्देशित किया था। 2016 में फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट आया, जिसे साजिद-फरहाद ने डायरेक्ट किया था।
अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और चंकी पांडेय इस फ्रेंचाइजी का शुरू से हिस्सा रहे हैं।
2019 में आई हाउसफुल 4 को फरहाद सामजी ने निर्देशित किया था। ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं और अक्षय कुमार के करियर की कामयाबी फ्रेंचाइजी मानी जाती है।