Housefull 5A Or 5B: ‘हाउसफुल 5’ के दो क्लाइमैक्स! कन्फ्यूज मत होना, अपनी मर्जी से चुन सकते हैं फिल्म की एंडिंग

Know all about Housefull 5 two versions. Photo- Instagram

मुंबई। Housefull 5A Or 5B: हाउसफुल 5 इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल करती रही हैं। अब हाउसफुल 5 रिलीज के लिए तैयार है।

इस फिल्म का रोमांच बढ़ाने के लिए इसे सिनेमाघरों में दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज किया जा रहा है। सुविधा के लिए मेकर्स ने फिल्म के दो वर्जंस को हाउसफुल 5 ए और हाउसफुल 5 बी नाम दिया है।

अगर, आप इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि आपको कौन-सा क्लाइमैक्स देखने को मिलेगा तो आपकी मुश्किल हम आसान कर देते हैं।

अपनी मर्जी से चुन सकते हैं एंडिंग

ऐसा नहीं है कि आप सिनेमाघर में फिल्म देखने जाएंगे तो आपको कोई सा भी क्लाइमैक्स दिखा दिया जाएगा, बल्कि आप अपनी मर्जी से क्लाइमैक्स चुन सकेंगे। आप चाहें तो 5 ए देख सकते हैं, चाहें तो 5 बी।

इसकी पुष्टि करने के लिए हमने बुक माइ शो वेबसाइट पर फिल्म के अलग क्लाइमैक्स वाले शोज की जानकारी ली। वेबसाइट पर जब आप फिल्म का टिकट बुक करते हैं तो आपके सामने दो विकल्प आते हैं- हाउसफुल 5 ए और हाउसफुल 5 बी। (स्क्रीनशॉट देखें)

यह भी पढ़ें: Housefull Franchise Box Office: 15 सालों में पांचवीं फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर हाउसफुल रही है Akshay Kumar की फ्रेंचाइजी

अब आपको इनमें से कोई एक विकल्प चुनकर टिकट बुक करना है। दोनों वर्जंस को तकरीबन समान तादाद में अलग-अलग स्क्रींस एलॉट की गई हैं।

सिंगल स्क्रींस में दोनों वर्जंस (Housefull 5A Or 5B) के शोज की तादाद कम-ज्यादा हो सकती है, क्योंकि वहां अन्य फिल्मों को भी एडजस्ट करना होता है, जो पहले से सिनेमाघरों में चल रही हैं।

कितनी बदल जाएंगी दोनों फिल्में?

भारतीय सिनेमा में यह प्रयोग पहली बार हो रहा है, जब दो क्लाइमैक्स (Housefull 5A Or 5B) के साथ कोई फिल्म रिलीज की जा रही हो। अब सवाल यह है कि फिल्म क्लाइमैक्स के कारण फिल्म कितनी बदल जाएगी?

इसका जवाब है- अंत के करीब 15 मिनट छोड़कर फिल्म के दोनों वर्जेंस समान होंगे। आखिरी दृश्यों में कातिल के हिसाब से बदलाव किये गये हैं। इसकी जानकारी के लिए अक्षय कुमार और रितेश देशमुख का वीडियो देख सकते हैं।

हाउसफुल 5 का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। कहानी और स्क्रीनप्ले साजिद नाडियाडवाला ने लिखे हैं, जो फिल्म के निर्माता भी हैं। 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हाउसफुल 5 कॉमेडी थ्रिलर है, जिसकी कहानी क्रूज पर एक कत्ल पर आधारित है।

फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन के साथ सितारों की बड़ी फौज नजर आएगी। इनमें नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, संजय दत्त, श्रेयस तलपड़े, फरदीन खान, डीनो मोरिया, जॉनी लीवर, चंकी पांडेय शामिल हैं।