INCA Awards: अप्रैल में आयोजित होगा भारतीय सिने एकेडमी का पहला अवॉर्ड समारोह, जानें- कहां और कैसे करें आवेदन?

How to apply for INCA Awards. Photo- X

मुंबई। INCA Awards: ऑस्कर अवॉर्ड्स देने वाली संस्था एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की तर्ज पर भारत में भारतीय राष्ट्रीय सिने एकेडमी (The Indian Cine Academy) का गठन किया गया है, जिसमें 12 फिल्म इंडस्ट्रीज शामिल हैं।

यह संस्था इस साल पहला अवॉर्ड समारोह आयोजित करने जा रही है, जिसमें इन इंडस्ट्रीज के कलाकारों और तकनीशियनों को उनकी प्रतिभा और हुनर के लिए सम्मानित किया जाएगा। कल्याण ज्वेलर्स की ओर से प्रायोजित अवॉर्ड समारोह के आयोजन की तारीखों और आवेदन की जरूरी शर्तों की घोषणा बुधवार को गई।

कब और कहां होगा पुरस्कार समारोह?

द इंडियन नेशनल सिने एकेडमी के मुताबिक, संस्था के पहले अवॉर्ड समारोह का आयोजन 15 से 16 अप्रैल को मुंबई में होगा। इस दो दिवसीय आयोजन में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी, मराठी, उड़िया, पंजाबी, असमी और गुजराती भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों, कलाकारों और तकनीशियनों को पुरस्कृत किया जाएगा।

अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित हो रहे समारोह को निर्देशन, अभिनय, संगीत, तकनीक और डेब्यू श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि क्षेत्रीय सम्मान और राष्ट्रीय गौरव के बीच संतुलन बना रहे।

यह भी पढ़ें: Indian National Cinema Academy: ‘ऑस्कर’ की तर्ज पर भारत में INCA Awards? एक मंच पर आईं देश की 12 फिल्म इंडस्ट्री

कैसे करें पुरस्कारों के लिए आवेदन?

INCA की ओर से सभी निर्माताओं और निर्देशकों से आवेदन मांगे गये हैं, जिनकी फिल्में कैलेंडर वर्ष 2025 में रिलीज हुई हैं। यानी समारोह में वो फिल्में भाग लेने के योग्य होंगी, जो 1 जनवरी 2025 से 31 दिसम्बर 2025 के बीच रिलीज हुई हैं।

आवेदनों को जमा करने की अंतिम तिथि 1 मार्च 2026 है।

सभी नॉमिनेशंस इंका की वेबसाइट www.INCA.in के जरिए ही जमा किये जा सकेंगे।

क्या है INCA?

INCA के गठन के पीछे सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग और साउथ के लोकप्रिय अवॉर्ड समारोह SIIMA के प्रमोटर्स हैं, जिनकी अगुवाई विष्णु वर्धन इंदूरी प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के साथ मिलकर कर रहे हैं। गिल्ड की भूमिका मुख्य संरक्षक के तौर पर तय की गई है।

एकेडमी के पहले अवॉर्ड समारोह को कल्याण ज्वेलर्स का साथ मिला है, जो प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर हैं। इंका की स्थापना एकेडमी से प्रेरित होकर की गई है और इसका मकसद विश्वसनीयता, हुनर की पहचान और पारदर्शिता है। अवॉर्ड समारोह में सभी 12 भाषाओं की बेस्ट फिल्म, बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्ट्रेस का चुनाव किया जाएगा, ताकि सभी भाषाओं की फिल्म इंडस्ट्रीज की बराबर सहभागिता रहे।