Metro…In Dino: अभिनय के अलावा पंकज त्रिपाठी की वो बात, जिस पर फिदा हो गईं कोंकणा सेन शर्मा

Konkon Sen Sharma on working with Pankaj Tripathi. Photo- Instagram

मुंबई। Metro…In Dino: कोंकणा सेन शर्मा एक सशक्त अभिनेत्री मानी जाती हैं, जो अपने किरदारों में समा जाने का हुनर जानती हैं। कोंकणा अब मेट्रो… इन दिनों में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनकी जोड़ी पंकज त्रिपाठी के साथ बनी है, जो पहली बार कोंकणा के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं।

पहली बार साथ आये पंकज-कोंकणा

कोंकणा पंकज को बेहतरीन अभिनेता के साथ अच्छा इंसान मानती हैं। कोंकणा ने कहा- ”पंकज त्रिपाठी के साथ काम करना मेरे लिए बहुत खुशी की बात थी। मुझे उनके जैसे शानदार एक्टर के साथ काम करने का मौका मिला।

मैं उन्हें पहले बिल्कुल नहीं जानती थी, बस उनके काम से थोड़ा-बहुत परिचित थी, लेकिन मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वो इतने कमाल के को-एक्टर निकलेंगे। उनके साथ मैं बहुत सहज थी और सबसे मजेदार बात ये कि वो बहुत फनी हैं। वो अपनी पर्सनैलिटी में बहुत सहज हैं, बहुत ऑथेंटिक हैं। वो सचमुच एक जेंटलमैन हैं।”

यह भी पढ़ें: Pankaj Tripathi In Metro In Dino: कोंकणा सेन शर्मा के साथ काम करते हुए घबराये थे पंकज त्रिपाठी, बताया कैसे हुई दोस्ती?

कोंकणा ने आगे कहा, “मुझे उनके साथ काम करके सचमुच बहुत मजा आया। मुझे लगता है कि हम दोनों अपने किरदारों और उनकी सिचुएशन से कहीं ना कहीं रिलेट कर पाए। हमने सचमुच बहुत एंजॉय किया और मैं उनके साथ बहुत सहज थी। और हाँ, वो मुझे हर वक्त हंसाते रहते थे, क्योंकि वो वाकई बहुत मजेदार हैं। उनके साथ काम करना मुझे बहुत पसंद आया।”

कब रिलीज होगी Metro… In Dino?

मेट्रो… इन दिनों, अनुराग बसु की मेट्रो ट्रिलॉजी का आखिरी भाग है। इसकी पहली फिल्म लाइफ इन अ…मेट्रो 2007 और लूडो 2020 में आई थी। इस ट्रिलॉजी के जरिए अनुराग महानगरों में रह रहे अलग-अलग वर्ग के लोगों की भावनात्मक समस्याओं और रिश्ते में उतार-चढ़ाव दिखाते हैं।

अनुराग बसु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आदित्य रॉय कपूर, पंकज त्रिपाठी, सारा अली खान, नीना गुप्ता, कोंकणा सेन शर्मा, अनुपम खेर, फातिमा सना शेख, अली फजल और शाश्वत चटर्जी अहम किरदारों में हैं। संगीत प्रीतम ने दिया है। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अनुराग बसु और तानी बसु ने फिल्म का निर्माण किया है।

मेट्रो… इन दिनों (Metro…In Dino) 4 जुलाई 2025 को रिलीज होगी।