Lokah Chapter-1 Chandra के प्रमोशन में उतरे अक्षय कुमार, हिंदी रिलीज से पहले प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी को दीं शुभकामनाएं

Akshay Kumar welcomes Kalyani Priyadarshan. Photo- Instagram

मुंबई। Lokah Chapter-1 Chandra: दक्षिण में धूम मचाने के बाद मलयालम फिल्म ‘लोका: चैप्टर 1- चंद्र’ अब हिंदी भाषा में भी रिलीज हो रही है। इस फिल्म का निर्माण मलयालम के मशहूर अभिनेता दुल्कर सलमान ने किया है, जबकि फिल्म में मुख्य भूमिका जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी प्रियदर्शन ने निभाई है।

प्रियदर्शन की हिंदी फिल्मों का अभिन्न हिस्सा रहे अक्षय कुमार ने इस मौके पर कल्याणी प्रियदर्शन को हिंदी रिलीज के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

अक्षय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- टैलेंट परिवार में दौड़ता है… सुना था। अब देख लिया। प्रियदर्शन सर की बेटी कल्याणी की अभिनय क्षमता के बारे में अच्छी बातें सुन रहा हूं। उन्हें और लोका: की पूरी टीम को हिंदी वर्जन की रिलीज के लिे शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें: Lokah Chapter-1 Controversy: कर्नाटक में फिल्म पर बवाल के बाद निर्माताओं ने मांगी माफी, जानें- क्या है विवाद?

https://twitter.com/akshaykumar/status/1963196468895826409

अक्षय इस समय प्रियदर्शन के साथ भूत बंगला, हेरा फेरी 3 और हैवान कर रहे हैं। उनके करियर को आगे बढ़ाने में प्रियदर्शन का अहम योगदान रहा है।

क्या है लोका: की कहानी और स्टार कास्ट?

लोका: चैप्टर 1- चंद्रा की कहानी के केंद्र में चंद्रा नाम की एक रहस्यमयी, यक्षी युवती है, जो बेंगलुरु में नई आई है और एक कैफे में रात की शिफ्ट में काम करना शुरू करती है। उसके पड़ोसी सनी और उसके दोस्त उसके रहस्यमयी अतीत से आकर्षित होते हैं और असाधारण घटनाएं होने लगती है।

चंद्रा व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी सुपरनेचुरल पॉवर्स की खोज करती है और जैसे-जैसे बुराई उभरती है, उसे अपनी शक्तियों और नियति को स्वीकार करना पड़ता है।

लोका: सुपरहीरो फिल्म है, जिसका निर्देशन डोमिनिक अरुण ने किया है। फिल्म का निर्माण दुल्कर के बैनर वेफेयरर फिल्म्स ने किया है। यह पांच फिल्मों की सीरीज की पहली फिल्म है। कल्याणी प्रियदर्शन के अलावा फिल्म में नसलेन, सैंडी, अरुण कुरियन, चंदू सलीमकुमार, निशांत सागर अहम भूमिकाओं में हैं।

हिंदी में कब रिलीज होगी फिल्म?

लोका: हिंदी में 4 सितम्बर को रिलीज हो रही है। दुल्कर सलमान ने इसकी जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा था- लोका: चैप्टर वन- चंद्र की दुनिया का विस्तार हो रहा है। हिंदी वर्जन 4 सितम्बर को रिलीज हो रहा है। अपना टिकट बुक कीजिए।

28 अगस्त को मलयलाम और अन्य साउथ भाषाओं में रिलीज हुई लोका: वर्ल्डवाइड 100 करोड़ के करीब पहुंच चुकी है। भारत में फिल्म 40 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन कर चुकी है। जल्द ही यह दक्षिण भारत की महिला प्रधान हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन जाएगी।

हिंदी में लोका: का मुकाबला टाइगर श्रॉफ की बागी 4 और विवेक अग्निहोत्री की द बंगाल चैप्टर से होगा, जो 5 सितम्बर को सिनेमाघरों में आ रही हैं।