मुंबई। Border 2 Varun Dhawan: बॉर्डर 2 के टीजर ने सोशल मीडिया में यूजर्स को देशभक्ति के जज्बे और उत्साह से भर दिया है। 1971 के भारत-पाक युद्ध से निकली कहानी रणबांकुरों के अदम्य साहस और शौर्य को दिखाती है, जब भारतीय फौज ने दुश्मन के दांत खट्टे किये थे।
इस ऐतिहासिक जंग का परिणाम नये देश बांग्लादेश के रूप में सामने आया। 16 दिसम्बर को इस जंग के शहीदों और वीरों को याद करने के लिए विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। बॉर्डर में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे।
मेजर होशियार सिंह दहिया के किरदार में वरुण
वरुण फिल्म में 1971 की जंग के हीरो मेजर होशियार सिंह दहिया के किरदार में हैं, जो कर्नल के हॉनरेरी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। मेजर होशियार सिंह दहिया को बहादुरी और युद्धकौशल के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। उन्होंने पाकिस्तान स्थित शकरगढ़ में मोर्चा संभाला था और दुश्मन को आगे बढ़ने से रोक दिया था।
परमवीर चक्र विजेता के परिवार ने की तारीफ
जाहिर यह फिल्म ना सिर्फ देशवासियों, बल्कि कर्नल होशियार सिंह दहिया के परिजनों के लिए बेहद अहम है। उनके बेटे कर्नल सुशील कुमार दहिया ने अपने परिवार के साथ फिल्म को सराहा। उन्होंने कहा, “हमने अभी बॉर्डर 2 का टीजर देखा और निश्चित रूप से वरुण धवन ने न्याय किया है।
टीजर बहुत आशाजनक लग रहा है और मेरे और मेरे परिवार के लिए हमारी विरासत को इतने उत्साह और ईमानदारी के साथ बताया जाना वाकई विशेष है। फिल्म देखने के लिए सुपर उत्साहित हूं। आपको और पूरी टीम को फिल्म के लिए शुभकामनाएं।”
अनुराग सिंह निर्देशित बॉर्डर 2 का निर्माण भूषण कुमार और निधि दत्ता ने किया है, जो बॉर्डर के निर्देशक जेपी दत्ता की बेटी हैं। बॉर्डर 2, 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

