मनोज बाजपेयी ने शुरू की RGV निर्देशित हॉरर कॉमेडी ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ की शूटिंग, शेयर किया फर्स्ट लुक पोस्टर

Manoj Bajpayee begins Police Station Mein Bhoot shoot. Photo- X

मुंबई। Police Station Mein Bhoot: मनोज बाजपेयी ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म पुलिस स्टेशन में भूत की शूटिंग शुरू कर दी है। मनोज ने फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर करके इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। यह हॉरर फिल्म है, मगर इस बार भूत पुलिस स्टेशन में आतंक मचाएगा।

पुलिस स्टेशन में भूत का मोशन पोस्टर

मोशन पोस्टर में मनोज पुलिस अधिकारी की वर्दी पहने नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में एक डरावनी डॉल है। फुसफुसाहट भरी आवाज आती है- आइ सी यू और मनोज के चेहरे के भाव बदलने लगते हैं। खौफ उनके चेहरे पर देखा जा सकता है।

इस मोशन पोस्टर को शेयर करके मनोज ने लिखा- पुलिस स्टेशन में भूत शूट शुरू हो गया है। सत्या से यहां तक… कुछ सफर पूरे होने के लिए होते हैं। लगभग तीन दशक बाद राम गोपाल वर्मा के साथ रीयूनाइट होकर रोमांचित हूं। इस बार हॉरर कॉमेडी के लिए। यह कुछ खास है।

यह भी पढ़ें: Ram Gopal Varma’s New Film: राम गोपाल वर्मा ने किया क्राइम ड्रामा फिल्म ‘सिंडिकेट’ का एलान, उठाया प्लॉट से पर्दा

राम गोपाल वर्मा ने मोशन पोस्टर शेयर करके लिखा- ऐसे जॉनर में, जो मैंने पहले नहीं किया, मनोज बाजपेयी के साथ लौट आया हूं। साथ में जिनिलिया डिसूजा हैं। जब आप डरते हो तो पुलिस के पास भागते हो, मगर जब पुलिस खुद डरेगी तो कहां जाएगी।

अन्य पोस्ट में रामू ने फिल्म की कहानी का आइडिया दिया। उन्होंने लिखा कि एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट खतरनाक गैंगस्टर को मार देता है और वो पुलिस स्टेशन को अपना अड्डा बना लेता है। इसीलिए, टाइटल पुलिस स्टेशन में भूत है। आप मरे हुए को गिरफ्तार नहीं कर सकते।

पुलिस स्टेशन में भूत राम गोपाल वर्मा की पहली हॉरर कॉमेडी फिल्म है। इसकी घोषणा उन्होंने इसी साल अप्रैल में की थी। राम गोपाल वर्मा ने फिल्म का कॉन्सेप्ट और आइडिया भी शेयर किया था। मनोज बाजपेयी की भी यह पहली हॉरर कॉमेडी फिल्म होगी।

मनोज और रामू की फिल्में

मनोज बाजपेयी के करियर को संवारने में राम गोपाल वर्मा की भूमिका बहुत बड़ी रही है। रामू ने सत्या में मनोज भीखू म्हात्रे का किरदार देकर हिंदी सिनेमा में अमर कर दिया है। यह किरदार आज भी लोगों की जुबान पर रहता है।

इसके बाद मनोज के साथ रामू ने पहले भी हॉरर और साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म कौन बनाई थी, जो 1999 में रिलीज हुई थी। सत्या उससे पहले 1998 में आई थी। इसके अलावा मनोज के करियर की एक और माइल स्टोन फिल्म शूल की कहानी और स्क्रीनप्ले रामू ने लिखा था। इसे प्रोड्यूस भी उन्होंने ही किया था।