Hera Pheri 3: फैन ने परेश रावल से की ‘हेरा फेरी 3’ में लौटने की गुजारिश, पढ़िए बाबू भैया ने दिया क्या जवाब?

Paresh Rawal on come back in Hera Pheri 3. Photo- Instagram

मुंबई। Hera Pheri 3: हेरा फेरी ना सिर्फ अक्षय कुमार के करियर की बहुचर्चित फ्रेंचाइजी है, बल्कि हिंदी सिनेमा की उन कॉमेडी फिल्मों में शामिल है, जिनकी चमक उम्र के साथ फीकी नहीं पड़ी है। इस फिल्म के किरदार आज भी दर्शकों को जहन में बसे हुए हैं। राजू, श्याम और बाबू भैया।

सोशल मीडिया में अक्सर इन किरदारों का इस्तेमाल मीम बनाने के लिए किया जाता है, जिससे इनकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फैंस अब इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म हेरा फेरी 3 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और इसके हर अपडेट पर उनकी निगाहें लगी रहती हैं।

फैंस कर रहे वापसी की गुजारिश

पिछले दिनों फैंस का दिल उस वक्त टूट गया, जब परेश रावल ने फ्रेंचाइजी से अपने हाथ खींच लिये और उन्होंने तीसरी फिल्म का हिस्सा ना बनने का एलान किया। खबरें आईं कि बाबू भैया के किरदार के लिए मेकर्स अब पंकज त्रिपाठी को एप्रोच कर रहे हैं।

हालांकि, फैंस की उम्मीदें अभी पूरी तरह धराशायी नहीं हुई हैं, इसलिए कोशिश में जुटे हैं कि किसी तरह परेश रावल इस आइकॉनिक किरदार में लौट आएं। सोशल मीडिया में उन्हें मनाने की कोशिश करते रहते हैं।

सोमवार को एक फैन ने एक्स पर परेश रावल से इल्तिजा करते हुए लिखा- सर, कृपया सोचिए। हेरा फेरी फिल्म में फिर लौट आइए। आप इस फिल्म के हीरो हैं।

परेश ने इसका सीधा कोई जवाब तो नहीं दिया, इतना जरूर लिखा- नहीं। हेरा फेरी फिल्म में तीन हीरो हैं।

यह भी पढ़ें: Paresh Rawal: क्या क्रिएटिव डिफरेंसेज के कारण परेश रावल ने छोड़ी हेरा फेरी 3? पढ़िए, क्या बोले बाबू भैया?

जाहिर है कि हेरा फेरी की लोकप्रियता और सफलता का श्रेय परेश रावल अपने को-एक्टर्स अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी से नहीं छीनना चाहते। कई अन्य फैंस ने भी परेश रावल से वापसी की गुजारिश की। एक फैन ने लिखा कि हेरा फेरी उनके बिना कोई मायने नहीं रखती। इसलिए, उन्हें लौट आना चाहिए।

परेश और अक्षय के बीच कानूनी लड़ाई

माना जा रहा है कि परेश ने हेरा फेरी 3 (Hera Pheri 3) इसलिए ठुकरा दी, क्योंकि वो बार-बार एक जैसे किरदार नहीं करना चाहते। परेश के फिल्म से हटने के बाद अक्षय कुमार की निर्माण कम्पनी ने उन्हें कानूनी नोटिस भी भेजा था, जिसमें 25 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई थी।

परेश ने इस नोटिस का जवाब देते हुए 11 लाख रुपये का साइनिंग अमाउंट लौटा दिया था। हालांकि, इस नोटिस का अंतिम फैसला अभी आना बाकी है। हेरा फेरी 3 (Hera Pheri 3) को प्रियदर्शन ही निर्देशित कर रहे हैं। इस बार अक्षय इसके निर्माण से भी जुड़े हैं। फिल्म का भविष्य फिलहाल अधर में लटका है।

यह भी पढ़ें: Hera Pheri 3 Legal Notice: ‘मेरे वकील ने जवाब दे दिया है…,’ अक्षय कुमार के कानूनी नोटिस पर परेश रावल की पहली प्रतिक्रिया