मुंबई। PM Modi Congratulates Boong Team: 79वें बाफ्टा अवॉर्ड समारोह में मणिपुरी बाल फिल्म बूंग ने बेस्ट चिल्ड्रेन एंड फैमिली कैटेगरी में जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। बाफ्टा जीतने वाली यह पहली भारतीय फिल्म है। इस जीत का जश्न बॉलीवुड में भी मनाया जा रहा है, क्योंकि फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शाम को एक्स के जरिए बूंग की टीम को यह पुरस्कार जीतने के लिए बधाई दी।
पीएम मोदी ने की तारीफ
मोदी ने लिखा- फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई। यह वाकई आनंद का पल है, खासकर मणिपुर के लिए। यह हमारे देश में अतुलित क्रिएिव टैलेंट को भी जाहिर करता है। गौरतलब है कि पीएम ने अपनी अपने संदेश के साथ बाफ्टा की पोस्ट को रीपोस्ट किया है। कहीं भी फिल्म का नाम या इससे जुड़े किसी व्यक्ति के नाम का उल्लेख नहीं किया है।
यह भी पढ़ें: BAFTA के मंच पर छलका मणिपुर का दर्द, विनर Boong की निर्देशक लक्ष्मीप्रिय देवी ने कहा- ‘बच्चों को सहना पड़ा विस्थापन’
यहां ध्यान देने वाली बात यह भी है कि फिल्म की निर्देशक लक्ष्मीप्रिय देवी ने अवॉर्ड लेने के बाद अपनी स्पीच में मणिपुर की उपेक्षा और अनदेखी का मुद्दा उठाया था।
फरहान ने निर्देशक को दी बधाई
निर्माता फरहान अख्तर ने लिखा- बूंग की कास्ट और लक्ष्मीप्रिय देवी के लिए बहुत खुश हूं। उन्हें एक खूबसूरत और दिल छू लेने वाली फिल्म बनाने और इस पहचान के लिए ढेरों बधाई। इस फिल्म का हिस्सा बनकर और बाफ्टा में सम्मानित होते देखकर बेहद गौरवान्वित हूं। जूरी का धन्यवाद। सपना देखने वालों और कहानीकारों के लिए यह बहुत मायने रखता है।
बॉलीवुड में तारीफों और बधाई का सिलसिला
मनोज बाजपेयी ने इसे भारतीय सिनेमा और मणिपुर के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने फिल्म का बाल कलाकार गुगुन किपगेन और बाला हिजाम को बधाई दी।

वेटरन फिल्ममेकर शेखर कपूर ने लिखा- लक्ष्मीप्रिय को बेस्ट फैमिली फिल्म के लिए बाफ्टा जीतने पर बधाई। मुझे लगता है कि मुख्य पुरस्कार जीतने वाली फिल्मों से बूंग बेहतर है। इसकी जड़ें भारतीय संस्कृति और राजनीति में धंसी हुई हैं, जिसका पश्चिम वालों को कोई अंदाजा नहीं है।
विवेक ओबेरॉय ने एक्स पर लिखा- बूंद की पूरी टीम को बाफ्टा जीतने वाली पहली फिल्म बनने के लिए बधाई। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी, बेहतरीन के लिए आपकी लगन हमेशा से रही है और लक्ष्मीप्रिय देवी आपने ऐसा मास्टरपीस बनाया है, जो सरहदों के पार दिलों को छू रहा है।

