Ramayana First Glimpse: अथ श्री रामायणम् कथा…! भव्य और विशाल है नमित-नितेश की ‘रामायण’, राम और रावण की पहली झलक

First official glimpse of Ranbir Kapoor Yash Ramayana. Photo- screenshot

मुंबई। Ramayana First Glimpse: भारतीय सिनेमा के पर्दे पर भगवान राम की महागाथा कई बार आ चुकी है। अलग-अलग कलाकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम के किरदार में दर्शकों का सम्मान पाया है। मगर, इस कथा से भारतीय जनमानस का मन कभी नहीं भरा। अलग-अलग अंदाज में भगवान राम की कहानी देखना-सुनना चाहते हैं।

नितेश तिवारी निर्देशित रामायण की आधिकारिक घोषणा

अब ऐसी ही एक रामायण लेकर आ रहे हैं नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी, जो इस वक्त की बहुप्रतीक्षित फिल्म है। गुरुवार को टीजर के साथ दो भागों में आ रही फिल्म की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। साथ ही मुख्य स्टार कास्ट का भी एलान किया गया है।

यह भी पढ़ें: Ramayana में सीता के रोल के लिए साई पल्लवी ने छोड़ दिया मांसाहार? झूठी खबरों पर भड़कीं एक्ट्रेस

हालांकि, ये सभी नाम पहले से ही खबरों में तैर रहे थे और लगभग पुष्टि हो चुकी थी। रणबीर कपूर राम, साइ पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। इंट्रोडक्शन टीजर में वीएफएक्स के जरिए राम और रावण की आकृतियों को दिखाया गया है।

टीजर के अंत में रावण के किरदार में यश और राम के किरदार में रणबीर की झलक दिखाई गई है। राम का इंट्रोडक्शन धनुर्धारी के तौर पर किया गया है, जबकि रावण की पहली झलक से लगता है कि किसी मिशन पर छिपकर जा रहा है।

नीचे देखें रामायण- द इंट्रोडक्शन का वीडियो:

आइमैक्स में शूट हुई है पूरी फिल्म

फिल्म आइमैक्स सिनेमाघरों के लिए शूट की गई है। हाल ही में इसकी शूटिंग पूरी हुई है, जिसके वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हैं। वीएफएक्स ऑस्कर अवॉर्ड विजेता कम्पनी डीएनइजी ने किया है। अंग्रेजी में फिल्म को Ramayana लिखा जा रहा है, जबकि हिंदी शीर्षक रामायणम् है।

संगीत एआर रहमान और हैंस जिमर ने दिया है। श्रीधर राघवन ने फिल्म का लेखन किया है। रामायण का पहला भाग 2026 में दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा। यश ने फिल्म का पोस्टर सोशल मीडिया में साझा किया है-

नितेश तिवारी की इस रामायण को लेकर काफी संशय का दौर रहा था। बजट के चलते कई बाधाओं से गुजरना पड़ा। मगर, नमित मल्होत्रा के ऑन-बोर्ड होने के बाद फिल्म आगे बढ़ी और अब पोस्ट प्रोडक्शन में जा चुकी है। रामायण भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है, जिसका बड़ा हिस्सा वीएफएक्स के जरिए क्रिएट किया जा रहा है। फिल्म की ज्यादातर शूटिंग क्रोमा पर हुई है।