Ramayana Teaser VFX Row: सामने आया नीली पगड़ी वाला एक्टर, कहा- ‘AI नहीं, असली हूं मैं…’, दो साल पहले हुई थी शूटिंग

Ramayan VFX Controversy. Photo- Screenshot

मुंबई। Ramayana Teaser VFX Row: रणबीर कपूर की फिल्म रामायण द इंट्रोडक्शन का पहला टीजर हाल ही में रिलीज किया गया है और जब से टीजर आया है, इसकी ट्रोलिंग रुकने का नाम ही नहीं ले रही। सोशल मीडिया यूजर्स बाल की खाल निकालते हुए टीजर की बखिया उधेड़ रहे हैं और वीएफएक्स की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

ऐसे ही एक दृश्य को लेकर खूब हंगामा हो रहा है। टीजर के एक दृश्य में राम बने रणबीर कपूर को चलते हुए दिखाया गया है। उनकी पीठ कैमरे की तरफ है और दोनों तरफ खड़े लोग (अयोध्यावासी) फूलों की वर्षा करके उनका स्वागत कर रहे हैं। इस दृश्य में यूजर्स की सुई एक युवक पर अटक गई, जिसकी पगड़ी का रंग दृश्य आगे बढ़ने के क्रम में नीले से बैंगनी हो जाता है।

कई यूजर्स ने इस दृश्य को पोस्ट करके सवाल उठाया- अंतरराष्ट्रीय स्तर के वीएफएक्स के इस्तेमाल का दावा करके क्या मेकर्स ने एआइ से काम चलाया है? अब इस सवाल का जवाब देने खुद वो एक्टर सामने आया है, जिसने इस दृश्य में नीले रंग की पगड़ी पहनी है।

एक्टर का दावा रणबीर के साथ शूट किया था सीन

साकेत पटेल नाम के इस शख्स ने सोशल मीडिया में दावा किया है कि इस दृश्य में नीली पगड़ी पहनी है। साकेत ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है, जिसे एक्स पर भी शेयर किया है। इस वीडियो में साकेत कहते हैं कि उन्होंने रेडिट पर कई रील्स और पोस्ट देखी हैं और लोगों ने पूरी तरह यह मान लिया है कि मेरा कोई अस्तित्व ही नहीं है, मैं एआइ जनित हूं।

साकेत वीडियो में बताते हैं कि इस सीन को लगभग 2 साल पहले असली भीड़ के साथ असली सेट पर खुद मैंने शूट किया था। असली रणबीर कपूर मेरे ठीक सामने थे। साकेत आगे कहते हैं कि 2026 में अगर कोई चीज बहुत अच्छी दिखती है तो लोग इसे फर्जी बता देते हैं। साकेत ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है- डेब्यू करने का क्रेजी तरीका।

यह भी पढ़ें: Hrithik Roshan on Ramayana: ‘बहस करो, लेकिन…’, VFX के लिए ‘रामायण’ को ट्रोल करने वालों को ऋतिक रोशन ने दिखाया आइना!

हालांकि, साकेत ने यह साफ नहीं किया कि उनकी पगड़ी का रंग नीले से बैंगनी कैसे हो गया। बहरहाल, साकेत के सामने आने के बाद यूजर्स बंट गये हैं। साकेत खुद भी अपने सोशल मीडिया हैंडलों से भ्रामक दावों का खंडन कर रहे हैं।

अगर, साकेत का यह दावा सही है तो फिर रामायण द इंट्रोडक्शन के ट्रोल्स को आगे बढ़ने से पहले एक बार खुद विचार करना चाहिए। फिल्म की रिलीज में अभी काफी वक्त है। प्रमोशनल मैटेरियल भी आगे आता रहेगा। बस देखना यह है कि टीजर को मिली आलोचना को मेकर्स कैसे तारीफों में बदल पाते हैं।

दिवाली पर रिलीज हो रही है फिल्म

दो भागों में बन रही रामायण का पहला भाग द इंट्रोडक्शन इसी साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर आएगा। यह मौजूदा दौर में भारत की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति की पेशकश के तौर पर प्रेजेंट किया जा रहा है।

फिल्म का निर्माण नमिल मल्होत्रा कर रहे हैं, जबकि निर्देशक नितेश तिवारी हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखेंगे। साई पल्लवी सीता और सनी देओल हनुमान बने हैं। कन्नड़ सिनेमा के स्टार यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।