Ramayan The Introduction: नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का पहला टीजर जारी, मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में रणबीर का इंट्रोडक्शन

Ramayana The Introduction first glimpse teaser out. Photo- X

मुंबई। Ramayan The Introduction First Teaser: इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल नितेश तिवारी निर्देशित रामायणम् (रामायण- द इंट्रोडक्शन) का पहला टीजर गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर रिलीज किया गया।

उम्मीद थी कि मौके और दस्तूर के हिसाब से टीजर में हनुमान के किरदार की झलक रिवील होगी, मगर मेकर्स ने टीजर में सिर्फ भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर को इंट्रोड्यूस किया है। टीजर में लक्ष्मण, सीता और रावण की मौजूदगी तो है, मगर उन्हें फोकस में नहीं रखा गया है।

फिल्म की भव्यता और तकनीकी पक्ष पर जोर

लगभग 3 मिनट के इंट्रोडक्शन टीजर में राम की यात्रा के विभिन्न पड़ाव दिखाये गये हैं। कभी राजमहल में राजा के वेश में तो तभी घने जंगल में संन्यासी योद्धा के अंदाज में। वीएफएक्स के जरिए दृश्यों की भव्यता और राक्षसों से लड़ाई की गहराई दिखाई गई है। अंत में रावण के पुष्पक विमान की झलक आती है, मगर रावण की पूरी झलक नहीं दिखाई गई है।

यह भी पढ़ें: Ramayana Budget: रणबीर कपूर की फिल्म के बजट में बन जाएंगी 10 ‘बाहुबली’, सुनने से पहले थाम लें दिल!

रामायणम् के पहले टीजर में इसके तकनीकी पक्ष को अधिक उभारा गया है, जिसमें वीएफएक्स के साथ बैकग्राउंड म्यूजिक शामिल हैं। इसकी तकनीकी श्रेष्ठता को रेखांकित करने के लिए स्क्रीन पर टेक्स्ट के जरिए बताया जाता है कि प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार के एकेडमी अवॉर्ड विजेता वीएफएक्स डीएनईजी के साथ इसे प्रोड्यूस किया है। रावण की भूमिका निभाने वाले यश भी निर्माता हैं, जिनकी कम्पनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने इसे को-प्रोड्यूस किया है।

टीजर लॉन्च में रणबीर ने कहा- “मुझे नहीं लगता कि मैं यहां राम को पेश करने आया हूं। मैं तो यहां उनसे सीखने आया हूँ। उनमें एक ऐसी सादगी और पवित्रता है, जो बहुत कम देखने को मिलती है और उसे समझने और अपने अंदर उतारने की कोशिश करना मेरे लिए एक बहुत ही विनम्र अनुभव रहा है।”

रामायण फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है। पहला भाग रामायण- द इंट्रोडक्शन, इसी साल दिवाली पर रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ रवि दुबे लक्ष्ण, साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में हैं।

नमित मल्होत्रा की परिकल्पना से बनी यह रामायण एक महत्वाकांक्षी फिल्म है, जिसे वैश्विक दर्शकों के नजरिए से बनाया जा रहा है। खबरें हैं कि फिल्म का बजट जेम्स कैमरून की अवतार फायर एंड एश से भी अधिक है। ऐसे में रामायण द इंट्रोडक्शन से इंडस्ट्री और दर्शकों की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।