मुंबई। Ramayana First Glimpse: रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल स्टारर रामायण का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा है। इस फिल्म को लेकर जिस तरह से तैयारियां की गई हैं, उससे माना जा रहा है कि भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
अब फिल्म से जुड़ा एक अहम अपडेट सामने आया है। रामायण- द इंट्रोडक्शन की पहली आधिकारिक झलक 3 जुलाई को सामने आएगी। दिल्ली और मुंबई के मल्टीप्लेक्सेज में इसके लिए इवेंट रखे गये हैं, जहां भव्य तरीके से रामायण को आधिकारिक तौर पर दुनिया के सामने लाया जाएगा।
वेव्स में आने वाली थी पहली झलक
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की लीक तस्वीरों के जरिए दोनों के गेटअप ती झलक लोग देख चुके हैं। नमित मल्होत्रा की इस रामायण का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। नमित फिल्म को विश्व स्तर पर पेश करने के नजरिए से बना रहे हैं, जो भारतीय सिनेमा में सबसे बड़ी फिल्म होगी।
पहले खबरें आई थीं कि रामायण की पहली झलक WAVES में रिलीज की जाएगी। सेंसर बोर्ड ने इसके लिए 2.36 का एक वीडियो यू सर्टिफिकेट के साथ पास किया था। अब 23 जून को सेंसर बोर्ड ने 3 मिनट लम्बा वीडियो यू सर्टिफिकेट के साथ पास किया है।
दो भागों में रिलीज होगी रामायण
रामयाण दो भागों में रिलीज होगी। प्राइम फोकस के नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया में बताया था कि रामायण का पहला भाग 2026 में दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा। औपचारिक तौर रिलीज डेट की घोषणा के बाद यह फिल्म से जुड़ा पहला आधिकारिक इवेंट होगा।
यह भी पढ़ें: सच में बन रही है Ranbir Kapoor की रामायण, Toxic स्टार Yash ने प्रोजेक्ट और अपने किरदार पर लगाई मुहर
रामायण में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में हैं। फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखेंगे, जबकि लारा दत्ता कैकेयी का किरदार निभा रही हैं। हालांकि, इन कलाकारों के नाम की अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में जयदीप अहलावत ने खुलासा किया था कि उन्हे विभीषण का पार्ट ऑफर किया गया था, मगर डेट्स ना होने की वजह से स्वीकार नहीं कर पाये। उन्हें यह पार्ट यश के साथ शूट करने थे, मगर दोनों की डेट्स मैच नहीं हो सकीं।