मुंबई। Daadi Ki Shaadi Release Date: कपूर खानदान की कई पीढ़ियों ने हिंदी सिनेमा को आकार देने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। हर पीढ़ी के कलाकारों ने अपनी अदाकारी से सिनेप्रेमियों के दिलों पर छाप छोड़ी है। मौजूदा दौर में रणबीर कपूर परिवार की विरासत को सफलता के साथ आगे ले जा रहे हैं।
… और अब कपूर खानदान का एक और सदस्य हिंदी सिनेमा के पर्दे पर अपने हुनर का मुजाहिरा करने वाला है। यह हैं ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी, जो दादी की शादी फिल्म से 45 साल की उम्र में सिल्वर स्क्रीन पर झिलमिलाने वाली हैं।
जारी हुआ फिल्म का फर्स्ट लुक
फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर शुक्रवार को रिलीज किया गया, जो फैंस के लिए सरप्राइज है, क्योंकि रिद्धिमा के बॉलीवुड डेब्यू की किसी को कानोंकान खबर नहीं थी। आरटेक स्टूडियोज, शिमला टॉकीज और बीइंगयू स्टूडियोज की फिल्म का निर्देशन और लेखन आशीष आर मोहन ने किया है। आशीष मुख्य रूप से अक्षय कुमार की फिल्म खिलाड़ी 786 के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
इस फैमिली कॉमेडी ड्रामा में रिद्धिमा की मम्मी नीतू कपूर, कपिल शर्मा, सादिया खतीब और सरत कुमार प्रमुख किरदार निभा रहे हैं। कपिल की पत्नी गिन्नी चतरथ निर्माताओं में शामिल हैं। फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: Ramayana Teaser: रामायण के पहले टीजर को मिलीं आलोचनाओं के बीच नमित मल्होत्रा ने दिया संदेश- ‘हम गौर से सुन रहे हैं…’

टीवी शोज में आ चुकी हैं रिद्धिमा
कपूर खानदान की दूसरी बेटियों से अलग रिद्धिमा ने ज्वेलरी डिजाइनिंग को अपना करियर बनाया और कैमरे से दूरी बनाकर रखी, मगर उम्र के चौथे दशक में रिद्धिमा को आखिरकार कैमरे का सामना करना पड़ा।
रिद्धिमा, रणबीर कपूर की बड़ी बहन हैं। अपनी कजिंस करिश्मा कपूर और करीना कपूर से अलग रिद्धिमा ने ज्वेलरी डिजाइनिंग को अपना पेशा चुना और कैमरे से दूरी बना ली। दिल्ली के कारोबारी भरत साहनी के साथ शादी करके रिद्धिमा दिल्ली में रहने लगीं।

मगर, पारिवारक विरासत कहां पीछा छोड़ती है। आखिरकार, उन्हें कैमरे का सामना करने आना ही पड़ा। रिद्धिमा फिल्मों से दूर रहीं, मगर शोज में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाती रही हैं। नेटफ्लिक्स के शो फेवुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स, डाइनिंग विद द कपूर्स और कपिल शर्मा शो में रिद्धिमा शामिल हो चुकी हैं।

