Mardaani 3 Release Date: दिल्ली पहुंची शिवानी शिवाजी रॉय, अगले साल पर्दे पर लौटेंगी रानी मुखर्जी

Rani Mukerji film Mardaani 3 release date out. Photo- X

मुंबई। Mardaani 3 Release Date: यश राज फिल्म्स ने नवरात्रि की शुभ शुरुआत को खास बनाते हुए मर्दानी 3 का नया पोस्टर जारी किया। यह पोस्टर अच्छाई और बुराई के बीच होने वाले महायुद्ध की तैयारी को दर्शाता है। रानी मुखर्जी एक बार फिर से दबंग पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में वापसी कर रही हैं।

दिल्ली होगी मर्दानी 3 की कथाभूमि

मोशन पोस्टर पर रानी मुखर्जी का हाथ और पिस्तौल को दिखाया गया है। पृष्ठभूमि में माँ दुर्गा के जाप को जोड़ा गया है, जो फिल्म के विषय और मिजाज से मेल खाता है। मर्दानी एक महिला पुलिस अधिकारी की अपराध से लड़ाई को दिखाती है।

शिवानी एक बार फिर किसी को इंसाफ दिलाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालेगी। मोशन पोस्टर से जाहिर है कि फिल्म की कहानी इस बार दिल्ली में दिखाई जाएगी।

यह भी पढ़ें: ‘एक मां अपने बच्चों के लिए पहाड़ हिला सकती है’, National Film Award मिलने पर भावुक हुईं Mrs Chatterjee रानी मुखर्जी

बॉलीवुड की अकेली फीमेल कॉप फ्रेंचाइजी

मर्दानी बॉलीवुड में महिला पुलिस अधिकारी पर आधारित अकेली फ्रेंचाइजी है। हालांकि, महिला पुलिस अधिकारियों को केंद्र में रखकर फिल्में पहले भी बनी हैं, मगर फ्रेंचाइजी के रूप में आगे नहीं बढ़ीं। यह फ्रेंचाइजी रोहित शेट्टी की सिंघम की तर्ज पर आगे बढ़ रही है।

हालांकि, सिंघम में एक्शन और ड्रामा ज्यादा होता है, जबकि मर्दानी में एक्शन के साथ इमोशंस की गहरी परत छिपी रहती है और इसकी कहानियां और किरदार ज्यादा असली लगते हैं।

इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2014 में मर्दानी के साथ हुई थी, जिसे दिवंगत प्रदीप सरकार ने निर्देशित किया था। इसके बाद 2019 में इसका सीक्वल आया। ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं और क्रिटिक्स ने भी तारीफ की थी। इस फ्रेंचाइजी में रानी एक्शन करते हुए नजर आती हैं।

मर्दानी 3 का निर्देशन अभिराज मिनावाला ने किया है और इसे आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।