शुरू हुई सैयारा स्टार अहान पांडेय की अगली फिल्म की शूटिंग, निर्देशक अली अब्बास जफर ने दिखाई पहली झलक

Ahaan Panday all set for action in his second film. Photo- Instagram

मुंबई। Ahaan Pandey Begins Shoot for Next Film: 2025 में सैयारा से रातोंरात स्टार बने अहान पांडेय ने अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। यशराज फिल्म्स निर्मित इस अनाम फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोमांटिक ड्रामा के बाद अहान बड़े पर्दे पर एक्शन करते नजर आएंगे।

अली ने दिखाई शूटिंग की झलक

अली ने शूटिंग शुरू होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने एक्स पर दो तस्वीरें शेयर कीं। एक में अहान पांडेय की आंखों में उग्र भाव को उभारा गया है, दूसरी में क्लैप बोर्ड दिखाया है, जिस पर लिखा है- प्रोडक्शन नम्बर 79, जो फिल्म का वर्किंग टाइटल है। इसके साथ निर्देशक ने लिखा- और यह शुरू होता है।

अली, बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक हैं, जो सुल्तान, टाइगर जिंदा है और बड़े मियां छोटे मियां जैसी एक्शन प्रधान फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

यह भी पढ़ें: Ahaan Panday New Look: सैयारा के बाद अगली फिल्म के लिए तैयार अहान पांडेय, सोशल मीडिया में शेयर किया नया लुक

फिल्म की स्टार कास्ट

अहान की फिल्म के बारे में अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, मगर स्टार कास्ट पर अपडेट यह है कि इस फिल्म में अहान के साथ शर्वरी, ऐश्वर्य ठाकरे और बॉबी देओल भी अहम किरदारों में दिखेंगे।

सैयारा से अहान ने किया था ऐतिहासिक डेब्यू

चंकी पांडेय के भतीजे और अनन्या पांडेय के कजिन अहान ने पिछले साल आई सैयारा से डेब्यू किया था। बिना किसी खास प्रमोशन के इस फिल्म ने युवाओं को अपनी गिरफ्त में जकड़ लिया।

मोहित सूरी निर्देशित फिल्म के रोमांस और ट्रेजडी ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि फिल्म देखते ही देखते 300 करोड़ के पार पहुंच गई और अहान को भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे सफल डेब्यूटेंट बना दिया। फिल्म में अहान के साथ अनीत पड्डा ने फीमेल लीड रोल निभाया था।

अब यशराज की दूसरी फिल्म के साथ अहान बड़े पर्दे पर नई छवि के साथ आने के लिए तैयार हैं। हालांकि, अहान के व्यक्तित्व के एग्रेशन की झलक फैंस सैयारा में देख चुके हैं, मगर अब उनका एक्शन पर्दे पर देखने को मिलेगा।