मुंबई। Dhurandhar The Revenge Fake Posts: धुरंधर द रिवेंज, सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया में भी छाई हुई है। फिल्म को लेकर जमकर पोस्ट लिखी जा रही हैं। कोई इसके समर्थन में रिव्यू लिख रहा है तो कोई इसकी मेकिंग का मजाक बनाते हुए प्रोपेगेंडा फिल्म साबित करने में जुटा है।
प्रोडक्शन हाउसेज फिल्म की अप्रत्याशित कमाई के बाद इसके पक्ष में पोस्ट लिख रहे हैं। वहीं, इंडस्ट्री से जुड़े सेलिब्रिटीज धुरंधर 2 की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। इस सबके बीच अब सोशल मीडिया में दीपिका पादुकोण और शाह रुख खान की फर्जी पोस्ट वायरल हो रही हैं, जिनमें ये कलाकार फिल्म की तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं।
धुरंधर 2, रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक सफलता बन चुकी है। ऐसी कामयाबी, जिसकी सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है। किसी ने नहीं सोचा होगा कि कुछ वक्त पहले तक अपने अतरंगी अंदाज के लिए सोशल मीडिया में अक्सर ट्रोल होने वाले रणवीर सिंह एक खास तबके के नायक बन चुके हैं।
दीपिका पादुोण की फर्जी पोस्ट
एक्स पर दीपिका पादुकोण की एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसे इंस्टाग्राम स्टोरी की तरह दिखाया गया है। आदित्य नाम के एकाउंट से साधा की गुई इस पोस्ट में लिखा है- धुरंधर देख ली गई है और 3 घंटे 49 मिनटों में इसका हर एक मिनट अहम है। मैं यह कह सकती हूं कि मेरा पति बेस्ट है।
मुझे तुम पर गर्व है रणवीर। एक अभिनेता और इस महान देश का नागरिक होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम किसी राजनीतिक दल से प्रभावित हुए बिना हम सच और सही तथ्यों को पेश करें। हालांकि, मैं कुछ चीजों से सहमत नहीं हूं, लेकिन मैंने फिल्म का खूब लुत्फ उठाया। पूरी कास्ट, क्रू और शिप के कैप्टन आदित्य धर को बधाई।
हालांकि, इस पोस्ट का कम्युनिटी नोट्स में फैक्ट चैक भी कर दिया गया है और इसे यूजर्स ने फर्जी बताया है।
शाह रुख खान की फर्जी पोस्ट
इसी तरह शाह रुख खान के नाम से भी एक पोस्ट वायरल है, जिसे क्रंकुल अभय नाम के हैंडल से साझा किया गया है। यूजर ने पोस्ट के साथ लिखा है कि आखिरकार शाह रुख खान ने धुरंधर 2 देखी ली। उनके फैंस के लिए दुख हो रहा है।
इस पोस्ट को भी शाह रुख खान की इंस्टा स्टोरी की तरह दिखाया गया है, जिसमें लिखा है- अभी-अभी धुरंधर 2 देखी है। ईमानदारी से कहूं तो यह आपके साथ रह जाती है। हर पल सीधे दिल में उतरता है, जो सिनेमा है।
शानदार परफॉर्मेंस्ज, अभूतपूर्व भव्यता और स्टोरीटेलिंग, जो आपको हर चीज महसूस करवाती है। उम्मीद है कि आदित्य धर मुझे फिल्म ऑफर करेंगे। उनके साथ काम करने लिए मरा जा रहा हूं।
इस पोस्ट की भाषा ही यह बताने के लिए काफी है कि शाह रुख ने ऐसी कोई पोस्ट नहीं लिखी है। हालांकि, कम्युनिटी नोट्स में भी यूजर्स ने इसे फर्जी करार दिया है।
इनके अलावा मैडॉक फिल्म्स ने एक्स पर पोस्ट के जरिए धुरंधर 2 की कामयाबी की तारीफ की है। वहीं, एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने भी धुरंधर 2 की तारीफों के पुल बांधे हैं।
आदित्य धर निर्देशित फिल्म रिलीज के महज 4 दिनों में 466 करोड़ नेट कलेक्शन कर चुकी है, जो एक ऐतिहासिक सफलता है। फिल्म तेजी से 1000 करोड़ के कलेक्शन की ओर बढ़ रही है और सम्भव है कि 2000 करोड़ से अधिक कलेक्शन वर्ल्डवाइड करे।

