मुंबई। King Release Date: बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान हमेशा से फैंस के दिलों पर राज करते आए हैं। उनकी फिल्में एक्शन, रोमांस और ड्रामा से भरी होती हैं। अब उनकी नई फिल्म ‘किंग’ आने वाली है, जो एक बड़ी एक्शन थ्रिलर है। इस फिल्म में शाहरुख खान मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
यह फिल्म उनके लिए खास है, क्योंकि इसमें उनकी बेटी सुहाना खान बिग स्क्रीन पर अपना डेब्यू कर रही हैं। सुहाना इससे पहले नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द आर्चीज’ में नजर आई थीं, लेकिन किंग सिनेमाघरों में उनकी पहली फिल्म होगी।
24 दिसम्बर को रिलीज होगी फिल्म
शनिवार को शाह रुख ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की, जिसके मुताबिक किंग 24 दिसम्बर को सिनेमाघरों में आएगी और साल की आखिरी बड़ी फिल्म होगी। किंग इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है।
यह भी पढ़ें: ‘भाई, अब उम्र हो गई है, रिटायरमेंट ले लो,’ Shah Rukh Khan ने की ट्रोल की बोलती बंद, King को लेकर दिया अपडेट
सुहाना के मेंटर बने शाह रुख
फिल्म की कहानी एक मेंटर और उसके शिष्य की जर्नी पर आधारित है। मेंटर का रोल शाहरुख खान कर रहे हैं, जबकि शिष्य का रोल सुहाना खान निभा रही हैं। कहानी में काफी ट्विस्ट और टर्न होंगे, साथ ही इमोशनल मोमेंट्स भी। फिल्म में विलेन का रोल अभिषेक बच्चन कर रहे हैं, जो काफी पावरफुल लग रहा है।
चर्चा है कि किंग 1994 में आई फ्रेंच फिल्म लियोन- द प्रोफेशनल का रीमेक है, जिसमें जीन रेनो और गैरी ओल्डमैन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। किंग का टाइटल रिवील टीजर पिछले साल शाह रुख के जन्मदिन पर 2 नवम्बर को रिलीज किया गया था।
पठान के बाद शाह रुख-दीपिका की वापसी
पठान के बाद दीपिका पादुकोण एक बार फिर शाह रुख के साथ किंग में लौट रही हैं। जैकी श्रॉफ और अभय वर्मा भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद हैं, जो पहले शाहरुख के साथ ‘पठान’ बना चुके हैं। ‘पठान’ एक बड़ी हिट थी, जिसमें काफी एक्शन सीन थे। ‘किंग’ में भी वैसा ही धमाल होने की उम्मीद है।
किंग शाह रुख खान का होम प्रोडक्शन है, जिसका निर्माण उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट कर रही है। उन्होंने फिल्म में स्पेशल इफेक्ट्स पर भी फोकस किया है, ताकि एक्शन सीन रियल लगें। सुहाना खान ने फिल्म के लिए एक्शन और डांस की काफी ट्रेनिंग ली है।
शाहरुख खान के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनकी पिछली फिल्में ‘पठान’ और ‘जवान’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े थे।

