‘सैराट’ का रीमेक थी ‘धड़क’, जानिए- किस फिल्म पर बनी है सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की ‘धड़क 2’?

Dhadak 2 is remake of Periyerum Perumal. Photo- screenshots/youtube

मुंबई। Dhadak 2: 2016 में आई मराठी प्रेम कहानी सैराट एक बेहतरीन फिल्म मानी जाती है, जिसने ना सिर्फ अपनी कहानी, बल्कि अभिनय और संगीत से भारतीय सिनेमा पर बड़ा असर डाला। इस फिल्म को करण जौहर न 2018 में धड़क नाम से हिंदी में बनाया, जिसमें जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर ने लीड रोल निभाये थे। जाह्नवी का यह डेब्यू था।

अब करण धड़क का सीक्वल धड़क 2 लेकर आये हैं और यह भी एक रीमेड फिल्म है। आइए, जानते हैं इस फिल्म की कहानी, जिसका रीमेक धड़क 2 है।

क्या कहता है Dhadak 2 का ट्रेलर?

धड़क 2 का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। इस फिल्म का निर्देशन शाजिया इकबाल ने किया है, जो धर्मा प्रोडक्शंस से लम्बे समय से जुड़ी रही हैं। ट्रेलर देखकर आप समझ गये होंगे कि फिल्म की कहानी जातिगत भेदभाव पर आधारित है।

सिद्धांत का किरदार दलित समाज से आता है, जबकि तृप्ति उच्च जाति की लड़ती के किरदार में हैं। लड़के को कोटे से लॉ कॉलेज में दाखिला मिल जाता है, जहां उसे तृप्ति मिलती है। लड़के को कदम-कदम पर अपनी जाति के कारण अपमानित होना पड़ता है तो लड़की को उससे सहानुभूति हो जाती है।

यह भी पढ़ें: एनिमल के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने Saiyaara को लेकर दी ऐसी प्रतिक्रिया, हैरान स्टार कास्ट बोली- यह अविश्वसनीय है…!

यह सहानुभूित धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। लड़का अपने हालात समझता है, लिहाजा आगे नहीं बढ़ना चाहता, मगर लड़की की जिद के आगे मजबूर हो जाता है। लड़की के परिवार को पता चलता है तो वो लड़के के पीछे पड़ जाते हैं। इससे आगे का ट्रैक धड़क 2 को सैराट से अलग करता है।

परियेरम पेरुमल का रीमेक है धड़क 2

धड़क 2, 2018 में आई तमिल फिल्म परियेरम पेरुमल का आधिकारिक रीमेक है। इस फिल्म का निर्देशन मारी सेल्वाराज ने किया था। फिल्म में कथीर और आनंदी ने लीड रोल निभाये थे। यह फिल्म क्रिटिकली और कमर्शियली सफल रही थी।

Photo- screenshot/youtube

धड़क 2 को जो ट्रैक ऐसी ही अन्य फिल्मों या सैराट से अलग करता है, वो है सौरभ सचदेवा का ट्रैक, जो ट्रेलर के अंत में दिखाया गया है। यह एक साइको किलर जैसा किरदार है, जो अपने समुदाय के लिए ऑनर किलिंग करता है और अलग-अलग तरीकों से लोगों को मारता है। परियेरम पेरुलम की कहानी में इस किरदार का नाम मैस्त्री था।

Photo- screenshot/youtube

लव हॉस्टल में बॉबी देओल ने निभाया था किलर का किरदार

वैसे, कुछ ऐसा ही विषय बॉबी देओल की 2022 की फिल्म लव हॉस्टल का भी था, जिसमें विक्रांत मैसी और सान्या मल्होत्रा ने लीड रोल निभाये थे। फर्क यह था कि वहां मुद्दा जातिवाद के बजाय दो अलग-अलग सम्प्रदायों का था।

बॉबी ने फिल्म में हिटमैन डागर का रोल निभाया था, जो विक्रांत और सान्या के किरदारों को मारने के लिए उनके पीछे पड़ा है। उसे यकीन है कि वो गलत को सही करने के लिए यह कर रहा है, जिसमें कोई बुराई नहीं है।

Photo- YouTube

धड़क 2 आने के बाद पता चलेगा कि शाजिया ने तमिल फिल्म की कहानी को सात साल बाद कितना बदला है। हालांकि, ट्रेलर लॉन्च इवेंट में करण ने कहा था कि धड़क 2 रीमेक है, मगर हमारी फिल्म अलग होगी। यह फिल्म एक अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।