मुंबई। Sunny Deol’s Gabru Release Date: 19 अक्टूबर को सनी देओल अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने फैंस को जबरदस्त सरप्राइज देते हुए अपनी नई फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। सनी की ये फिल्म उनके फैंस के लिए बर्थडे के रिटर्न गिफ्ट की तरह है, क्योंकि इस फिल्म का अंदाजा सनी के फैंस को भी नहीं था।
कब रिलीज होगी गबरू?
फिल्म का टाइटल गबरू है, जिसे शशांक उदापुरकर ने निर्देशित किया है। यह फिल्म अगले साल 13 मार्च को सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म मोशन पोस्टर शेयर करते हुए सनी ने लिखा- पॉवर वो नहीं, जो आप दिखाते हो, पॉवर वो है, जो आप करते हो।
आपके प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया।जो लोग गबरू के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए खास सूचना। फिल्म 13 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। साहस, विवेक और करुणा से भरी एक कहानी।
यह भी पढ़ें: Border 2 Sonam Bajwa: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ में हुई सोनम बाजवा की एंट्री, इस एक्टर के साथ फिल्म में बनेगी जोड़ी
गबरू के अलावा आने वाली हैं ये फिल्में
गबरू 2026 में सनी की दूसरी रिलीज फिल्म होगी। इससे पहले बॉर्डर 2 आएगी, जो 23 जनवरी को रिलीज होगी। यह 1997 की फिल्म बॉर्डर 2 का सीक्वल है। सनी एक बार फिर फौज की वर्दी में बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। इसका निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं। फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी प्रमुख किरदारों में हैं।
2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण में सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखेंगे। नितेश तिवारी निर्देशित इस रामायण के राम रणबीर कपूर, लक्ष्मण रवि दुबे और सीता साईं पल्लवी हैं। यश रावण के किरदार में दिखेंगे। इस मेगा बजट और अति महत्वाकांक्षी फिल्म का पहला भाग अगले साल दिवाली पर आएगा।
इनके अलावा आमिर खान प्रोडक्शंस की लाहौर 1947 अगले साल रिलीज हो सकती है। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोशी कर रहे हैं। फिल्म में प्रीति जिंटा और अली फजल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इनके अलावा जाट 2 भी पाइपलाइन में हैं, जिसकी घोषणा हो चुकी है।

