Tanvi The Great: कान फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के बाद भारत में इस दिन रिलीज होगी अनुपम खेर की फिल्म

Tanvi The Great release date out. Photo- Instagram

मुंबई। Tanvi The Great: अनुपम खेर निर्देशित फिल्म तन्वी द ग्रेट का कान फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जिसमें स्टार कास्ट ने भाग लिया। अब फिल्म की देश में रिलीज की तारीख घोषित कर दी गई है। इस फिल्म का निर्देशन करने के साथ निर्माण भी अनुपम खेर ने किया है।

सोमवार को रिलीज डेट के साथ नया पोस्टर जारी किया गया, जिस पर फिल्म की लीड एक्ट्रेस शुभांगी परेड करते जवानों के बीच उल्टी दिशा में मार्च करते दिख रही हैं। फिल्म के टाइटल के साथ टैगलाइन है- डिफरेंट… बट नो लेस यानी अलग लेकिन किसी से कमतर नहीं।

क्या है फिल्म की स्टार कास्ट?

फिल्म में शुभांगी टाइटल रोल निभा रही हैं, जिनकी यह पहली फिल्म है। शुभांगी अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल की छात्रा रही हैं। जैकी श्रॉफ, बमन ईरानी, नासर, अरविंद स्वामी, करन टैकर, पल्लवी जोशी और खुद अनुपम खेर स्टार कास्ट में शामिल हैं।

इनके अलावा ब्रिटिश एक्टर इएन ग्लेन भी एक अहम भूमिका में दिखेंगे, जो गेम ऑफ थ्रोंस के लिए मशहूर हैं। इन सभी के किरदारों का परिचय अनुपम ने सोशल मीडिया के जरिए करवाया था।

यह भी पढ़ें: Paresh Rawal: क्या क्रिएटिव डिफरेंसेज के कारण परेश रावल ने छोड़ी हेरा फेरी 3? पढ़िए, क्या बोले बाबू भैया?

सोनू निगम, शान, विशाल मिश्रा के अलावा राम्या, नायना, डेब्यूटेंट्स शगुन और गोमती ने आवाज दी है। एक अंग्रेजी ट्रैक भी फिल्म में है, जिसे लॉस एंजिल्स के शेनन और डर्टी ग्रिम ने आवाज दी है।

कुमुदवती अपरिजिता की आवाज भी फिल्म में सुनाई देगी। कौसर मुनीर ने फिल्म के गीत लिखे हैं।

कब रिलीज होगी Tanvi The Great?

तन्वी द ग्रेट 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का संगीत एमएम कीरवाणी ने किया है। अनुपम ने इसका निर्माण एनएफडीसी के साथ मिलकर किया है।

तन्वी द ग्रेट के जरिए अनुपम खेर 23 सालों बाद निर्देशन में लौटे हैं। 2002 में आई ओम जय जगदीश के साथ उन्होंने निर्देशकीय पारी शुरू की थी, जिसमें अनिल कपूर, अभिषेक बच्चन और फरदीन खान मुख्य भूमिकाओं में थे।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। इसके बाद अनुपम पूरी तरह अभिनय में डूब गये।