मुंबई। The Bengal Files Teaser: विवेक अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म द बंगाल फाइल्स काफी समय से चर्चा में है। पहले इसका नाम द दिल्ली फाइल्स था, जिसे रिलीज से पहले बदलकर द बंगाल फाइल्स कर दिया गया है। फिल्म की टीजर गुरुवार को रिलीज किया गया।
जैसा कि टाइटल जाहिर करता है, फिल्म की पृष्ठभूमि पश्चिम बंगाल है, जहां कश्मीर जैसे हालात हो जाने की आशंका को फिल्म की कहानी का आधार बनाया गया है। टीजर में कहानी के बारे में रिवील नहीं किया गया है, लेकिन सारे प्रमुख चरित्रों का परिचय दिया गया है।
क्या कहता है The Bengal Files का टीजर?
विवेक ने टीजर सोशल मीडिया में शेयर किया है, जिसके साथ लिखा है- अगर कश्मीर आपको दर्द पहुंचाता है तो बंगाल आपको परेशान करेगा।
एक मिनट 26 सेकंड के टीजर की शुरुआत कश्मीरी एक्सेंट में मोनोलॉग से होती है- मैं एक कश्मीरी पंडित हूं, इसलिए यकीन के साथ कह सकता हूं, बंगाल दूसरा कश्मीर बनता जा रहा है। क्यों आजादी के 80 साल बाद भी हम उसी कम्यूनल पॉलिटिक्स से लड़ रहे हैं।
क्या हम आजाद हैं और अगर आजाद हैं तो इतने बेबस क्यों हैं?
यह भी पढ़ें: The Bengal Files: विवेक अग्निहोत्री ने बदला ‘द दिल्ली फाइल्स’ का टाइटल, नये नाम से कहीं हो ना जाए बवाल!
इसके बाद एक-एक करके फिल्म के प्रमुख चरित्र और उनके नाम स्क्रीन पर आते हैं। दर्शन कुमार- शिव पंडित। मिथुन चक्रवर्ती- मैडमैन। राजीव खंडेलवाल- अमर। राजेश खेड़ा- जिन्ना। अनुपम खेर- गांधी। मोहन कपूर- सुहरावर्दी। पुनीत इस्सर- राजनाथ। शाश्वत चटर्जी- सरदार। पल्लवी जोशी- मां भारती।
इनके अलावा कई और कलाकार हैं, जो अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। द बंगाल फाइल्स 5 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर पर प्रतिक्रियाएं
टीजर शेयर करने के साथ ही इस पर प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। कुछ यूजर्स पूछ रहे हैं कि द दिल्ली फाइल्स का क्या हुआ? वहीं कुछ यूजर्स कह रहे हैं कि इस फिल्म को ममता (बनर्जी) बैन कर देंगी। एक यूजर ने लिखा है कि यह फिल्म बम की तरह है, मुझे अंदर तक हिला दिया।
क्यों बदला फिल्म का टाइटल?
विवेक की फिल्म बंगाल के कुछ जिलों में हिंदू आबादी के पलायन की दर्दनाक दास्तों कहती है। हालांकि, यह फिल्म का मूल विचार नहीं था, जिसकी वजह से इसका टाइटल द दिल्ली फाइल्स था। विवेक ने टाइटल बदलने की वजह का जिक्र एक वीडियो में किया है।
विवेक वीडियो में कहते हैं कि पहले हम सारे मामलों को मिलाकर एक मुकम्मल फिल्म द दिल्ली फाइल्स बना रहे थे, जिसका एक चैप्टर होता- द बंगाल फाइल्स। मगर, यह मामले को तरल कर देता है। कई सारे लोगों ने मुझसे कहा कि इसे बंगाल फाइल्स क्यों नहीं बोलते हैं, खासकर मुर्शिदाबाद के बाद मेरी यह ड्यूटी बन गई कि मैं फिल्म को बिल्कुल ब्लैक एंड व्हाइट में आपके सामने लेकर आऊं।
इसलिए लोगों की डिमांड और अपनी अंतरआत्मा की आवाज पर इसका नाम द बंगाल फाइल्स कर दिया गया।
विवेक इससे पहले द कश्मीर फाइल्स बना चुके हैं, जो नब्बे के दौर में कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के पलायन की कहानी दिखाती है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहद सफल रही थी। हालांकि, विवादों में भी रही और इसके ट्रीटमेंट को एक खास विचारधारा को फायदा पहुंचाने वाला माना गया था।