सिनेमाघरों में रिलीज हुई The Kerala Story 2, केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पलटा एकल पीठ का स्टे ऑर्डर

The Kerala Story 2 stay lifted. Photo- X

मुंबई। The Kerala Story 2 Goes Beyond: द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड के मेकर्स को बड़ी राहत मिली है। केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के उस आदेश पर स्टे दे दिया है, जिसमें फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई गई थी। इस फैसले के बाद द केरल स्टोरी 2 की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।

डबल बेंच ने उठाया फिल्म से स्टे

शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट के जस्टिस एसए धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की डबल बेंच ने इस संबंध में आदेश पारित किया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को अपराह्न 3 बजे जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस की सिंगल बेंच ने 15 दिनों तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था। साथ ही, सेंसर बोर्ड को निर्देश दिया था कि फिल्म को रिवीजन कमेटी को पुनरीक्षण के लिए भेजे।

एकल पीठ के आदेश के बाद मेकर्स ने डबल बेंच में सुनवाई के लिए याचिका दी, जिस पर डबल बेंच ने केस की शाम 7.30 बजे अरजेंसी देखते हुए दो घंटे तक सुनवाई की और आदेश सुरक्षित रख लिया। शुक्रवार शाम 4 बजे फैसला सुनाया।

इस आदेश के बाद फिल्म अब थिएटर्स में दिखाई जा सकेगी। हालांकि, टिकट बुकिंग साइट्स पर केरल राज्य को छोड़कर देश के अन्य शहरों में द केरल स्टोरी 2 के टिकटों की बुकिंग आज सुबह से ही जारी रही। इस पर भी याचिकाकर्ताओं ने अदालत की अवमानना का आरोप लगाया था।

स्टे हटते ही फिल्म की निर्माता कम्पनी सनशाइन पिक्चर्स से सोशल मीडिया एकाउंट्स पर शुक्रवार को इसकी रिलीज की पुष्टि की गई।

यह भी पढ़ें: केरल हाई कोर्ट ने लगाई The Kerala Story 2 की रिलीज पर रोक, सेंसर बोर्ड को दिया पुनरीक्षण के लिए भेजने का निर्देश

सिनेमाघरों में पहुंची फिल्म

द केरल स्टोरी 2 का निर्देशन कामाख्य नारायण सिंह ने किया है, जबकि निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं। फिल्म की कहानी ऐसी हिंदू युवतियों पर आधारित है, जिन्हें प्यार के जाल में फंसाकर मुस्लिम युवक शादी करते हैं और फिर धर्म परिवर्तन के उन्हें यातनाएं देते हैं।

फिल्म के टीजर और ट्रेलर रिलीज के बाद से ही काफी शोर मचा हुआ था। फिल्म के खिलाफ केरल हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं दाखिल की गई थीं, जिनमें फिल्म के टाइटल पर आपत्ति जताई गई थी। याचिकाओं में कहा गया था कि केरल की छवि इस फिल्म से धूमिल हो रही है, जबकि केरल एक साम्प्रदायिक सद्भाव वाला राज्य है।