मुंबई। Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai: धुरंधर द रिवेंज के बाद जिस फिल्म का सबसे ज्यादा इंतजार इस वक्त किया जा रहा है, वो है- टॉक्सिक। यश स्टारर यह फिल्म वैसे तो कन्नड़ में है, मगर हिंदी दर्शकों के बीच भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता है। टॉक्सिक 4 जून को थिएटर्स में रिलीज हो रही है।
हिंदी सिनेमा के मेकर्स भी टॉक्सिक की अहमियत जानते हैं, इसलिए इस फिल्म के सामने आने से कतरा रहे हैं और रिलीज की स्ट्रैटजी बदल रहे हैं। ताजा मामला है वरुण धवन की फिल्म है जवानी तो इश्क होना है का, जो एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म की रिलीज डेट प्रीपोन कर दी गई है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म पहले 5 जून को रिलीज के लिए निर्धारित थी, मगर रविवार को निर्माता टिप्स फिल्म्स की ओर से जारी नये पोस्टरों से पता चला कि फिल्म अब 22 मई को ही सिनेमाघरों में आ जाएगी, यानी टॉक्सिक की रिलीज से लगभग दो हफ्ते पहले। फिल्म का फर्स्ट लुक कल (13 अप्रैल) को रिलीज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Fresh Pairs in Upcoming Movies: बड़े पर्दे पर ताजगी की बहार, पहली बार स्क्रीन पर नजर आएंगी ये 17 फ्रेश जोड़ियां

है जवानी तो इश्क होना है का निर्देशन डेविड धवन ने किया है, जो काफी समय बाद बेटे को निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी। दोनों एक्ट्रेसेज वरुण के साथ पहली बार स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगी। मृणाल की फिल्म डकैत- एक प्रेम कथा इस समय सिनेमाघरों में लगी हुई है।
22 मई को फिल्म की मुकाबला करण जौहर की चांद मेरा दिल से होगा, जिसमें लक्ष्य और अनन्या पांडेय लीड रोल्स में हैं। यह रोमांस ड्रामा फिल्म है।
फौजी के बाद रोमांटिक रोल में वापसी
वरुण इस साल वॉर फिल्म बॉर्डर 2 में नजर आये थे, जिसमें एक्टर ने परमवीर चक्र विजेता मेजर होशियार सिंह दहिया का रोल निभाया था। इस रोल में वरुण के अभिनय को सराहना मिली और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।
पिछले साल वरुण की फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी 2025 में आई थी, जिसमें उन्होंने जाह्नवी कपूर के साथ स्क्रीन शेयर की थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर विफल रही थी। डेविड के साथ वरुण की पिछली फिल्म कुली नम्बर 1 है, जो पैनडेमिक के चलते 2020 में प्राइम वीडियो पर रिलीज की गई थी।

