Aankhon Ki Gustaakhiyan: आ गया उस फिल्म का फर्स्ट लुक, जिससे खत्म होगा विक्रांत मैसी का ‘वनवास’

Vikrant Massey and Shanaya Kapoor Aankhon Ki Gustaakhiyan first look. Photo- Instagram

मुंबई। Aankhon Ki Gustaakhiyan: पिछले साल दिसम्बर की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सनसनी मचा दी थी। इस पोस्ट में विक्रांत ने कुछ वक्त के लिए अभिनय से ब्रेक लेने की बात कही थी। लोगों ने समझा कि वो फिल्मों से संन्यास ले रहे हैं। विक्रांत ने सोशल मीडिया के जरिए बात साफ की।

विक्रांत का यह कथित ब्रेक अब खत्म होने वाला है, जब सिनेमाघरों में उनकी रोमांटिक फिल्म आंखों की गुस्ताखियां रिलीज होगी। इस फिल्म से जाह्नवी कपूर की कजिन और संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं।

फर्स्ट लुक में रोमांटिक हुए विक्रांत-शनाया

अगले महीने रिलीज हो रही फिल्म का प्रमोशन बुधवार को फर्स्ट लुक रिवील के साथ शुरू हो गया। फिल्म के पहले पोस्टर पर विक्रांत और शनाया को एक झूले पर रोमांटिक पोज में बैठे हुए हैं। इस पोस्टर के साथ लिखा गया है- दो दिल। एक प्यार और अनगिनत गुस्ताखियां।

यह भी पढ़ें: Upcoming Bollywood South Movies In June: जून का पारा बढ़ाने आ रहीं ये फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर घमासान

कब रिलीज होगी फिल्म?

आंखों की गुस्ताखियां (Aankhon Ki Gustaakhiyan) 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कल (गुरुवार) को फिल्म का टीजर जारी किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन संतोष सिंह ने किया है। जी स्टूडियो और मिनी फिल्म्स ने निर्माण किया है। इस म्यूजिकल लव स्टोरी का संगीत विशाल मिश्रा ने दिया है।

विक्रांत की बड़े पर्दे पर वापसी

2025 में विक्रांत की यह पहली फिल्म है। पिछले साल उनकी चार फिल्में रिलीज हुई थीं- ब्लैक आउट, सेक्टर 36, द साबरमती रिपोर्ट और फिर आई हसीन दिलरुबा। इनमें से द साबरमती रिपोर्ट थिएटर्स में आई थी, बाकी सभी फिल्में ओटीटी रिलीज थीं।

2023 में विक्रांत मैसी 12th फेल में नजर आये थे, जिसे विधु विनोद चोपड़ा ने निर्देशित किया था। आइपीएस अफसर मनोज कुमार शर्मा की यह बायोपिक बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

यह भी पढ़ें: विदाई नहीं ब्रेक! सोशल मीडिया में बवाल के बाद Vikrant Massey की सफाई, वजह का भी खुलासा

शनाया को करण जौहर करने वाले थे लॉन्च

शनाया कपूर काफी वक्त से डेब्यू की कोशिश कर रही हैं। अब आंखों की गुस्ताखियां के जरिए आखिरकार उन्हें पर्दे पर आने का मौका मिलेगा। शनाया को करण जौहर बेधड़क से लॉन्च करने वाले थे। इस फिल्म की घोषणा 2022 में कई गई थी, मगर अज्ञात कारणों से फिल्म डब्बाबंद हो गई थी।