अब Operation Sindoor की कहानी बड़े पर्दे पर, विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार ने किया फिल्म का एलान

Movie on Operation Sindoor announced. Photo- X

मुंबई। Film on Operation Sindoor: द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने अपनी नई फिल्म की घोषणा की है, जो ऑपरेशन सिंदूर की कहानी बड़े पर्दे पर लेकर आएगी। इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार कर रहे हैं, जो लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त) की किताब ऑपरेशन सिंदूर- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान पर आधारित होगी।

विवेक अग्निहोत्री फिल्म का सह-निर्माण भी करेंगे। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर कोडनेम से सर्जिकल स्ट्राइक्स की थीं, जिनमें पाकिस्तान और पाकिस्तानी अधिगृहीत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?

घटना 2025 की है, जब पाकिस्तानी समर्थित आतंकियों ने कश्मीर के पहलगाम में मासूम सैलानियों को गोलियों से भून डाला था। इसने पूरे देश को सकते में डाल दिया और आक्रोश से भर दिया था। इस हमले का जवाब देने के लिए भारतीय फौज ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था।

इसके तहत कई दिनों तक भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के आतंक ठिकानों को निशाना बनाया था। इन स्ट्राइक्स में इस बात का ध्यान रखा गया था कि सिविलियंस को नुकसान ना पहुंचे। पहलगाम अटैक की प्रतिध्विनि मनोरंजन सेक्टर में भी सुनाई दी थी। भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया एकाउंट्स भारत में बैन कर दिये थे, जो आज भी जारी है।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Rules: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का आतंक, अगले दो हफ्तों तक रिलीज नहीं हो रही कोई बड़ी फिल्म

फिल्म के लिए गहन रिसर्च

प्रोजेक्ट के बारे में भूषण कुमार ने कहा- कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें आप नहीं चुनते, वो आपको चुनती हैं। ऑपरेशन सिंदूर ऐसी ही एक कहानी है, जिसे ईमानदारी, साहस और जिम्मेदारी के साथ दिखाने की जरूरत है। यह सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि खुलासा है। जब किसी देश में इतनी बड़ी घटना होती है तो यह अहम हो जाता है कि उसे सच्चाई के साथ पेश करें।

विवेक ने फिल्म को लेकर कहा- यह महज एक फिल्म नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने ना सिर्फ पहलगाम आतंकी हमलों का बदला लिया और पाकिस्तान को सजा दी, बल्कि आधुनिक युद्धकला में अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी किया।

हमने भारतीय सशक्त बलों के साथ जमीनी तौर पर गहन रिसर्च की है- क्या हुआ ही नहीं, बल्कि कैसे और क्यों हुआ। पब्लिक डोमेन में जो जानकारी उपलब्ध है, यह उससे कहीं अधिक जटिल और विशिष्ट है।