मुंबई। Avatar 3 Box Office Day 7: अवतार फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म अवतार फायर एंड ऐश की रफ्तार भारत में बेहद धीमी है, मगर वर्ल्डवाइड फिल्म अच्छा कारोबार कर रही है। रिलीज के पहले हफ्ते में फिल्म दुनियाभर में फिल्म 500 मिलियन डॉलर के करीब पहुंचने वाली है। वहीं, भारत में फिल्म 100 करोड़ के पार पहुंच चुकी है।
2025 की हाइएस्ट ग्रॉसर हॉलीवुड फिल्म
अवतार 3 देश में 19 दिसम्बर को अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज हुई थी। जेम्स कैमरन की बेहद लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म की रिलीज से पहले अंदेशा था कि फिल्म बॉलीवुड की धुरंधर के लिए खतरा साबित हो सकती है, मगर रिलीज के बाद मुकाबला पलट गया।
तीसरे हफ्ते में चल रही धुरंधर अवतार 3 की रिलीज से बेअसर रही और एक भी दिन ऐसा नहीं आया, जब लगा हो कि अवतार 3, धुरंधर पर भारी पड़ रही है। अलबत्ता, धुरंधर की तूफानी रफ्तार ने अवतार 3 को धीमा जरूर कर दिया।
यह भी पढ़ें: Movies This Friday in Cinemas: क्रिसमस पर रिलीज हो रहीं इन फिल्मों के साथ 2025 कहेगा अलविदा! पढ़ें पूरी लिस्ट
गुरुवार (25 दिसम्बर) को अवतार फायर एंड ऐश ने एक हफ्ता पूरा कर लिया और लगभग 110 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया। देश में 100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली अवतार 3 इस साल की चौथी हॉलीवुड फिल्म है और अब हाइएस्ट ग्रॉसर बनने वाली है।
फिलहाल, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म मिशन इम्पोसिबल द फाइनल रेकनिंग है, जिसने 110.21 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
2025 में भारत में रिलीज हुई टॉप हॉलीवुड फिल्में अब इस प्रकार हैं:
1- मिशन इम्पोसिबल द फाइनल रेकनिंग- 110.21 करोड़
2- अवतार फायर एंड ऐश- 109.65 करोड़
3- एफ वन- द मूवी- 102.22 करोड़
4- जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ- 100.43 करोड़
5- फाइनल डेस्टिनेशन ब्लडलाइंस- 62.12 करोड़
6- सुपरमैन- 48.52 करोड़
7- फैंटास्टिक फोर- फर्स्ट स्टेप्स- 25 करोड़
8- हाऊ टू ट्रेन योर ड्रैगन- 22.22 करोड़
9- थंडरबोल्ट्स- 19 करोड़
10- कैप्टन अमेरिका ब्रेव नयू वर्ल्ड- 18.45 करोड़
पांचवां हाइएस्ट ओपनिंग वीक
किसी हॉलीवुड फिल्म का भारत में यह पांचवां हाइएस्ट ओपनिंग वीक है। 2019 में आई एवेंजर्स एंडगेम ने 260.40 करोड़, अवतार द वे ऑफ वाटर (2022) ने 182.85 करोड़, एवेंजर्स इनफिनिटी गेम (2018) ने 156.64 करोड़ और स्पाइडर-मैन नो वे होम (2021) ने 148.07 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीक में किया था।
भारत में फिल्म की रफ्तार इसके दूसरे भाग अवतार द वे ऑफ वॉटर के मुकाबले काफी कम है। 2022 में आई अवतार 2 ने भारत में ओपनिंग वीक में 182.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जबकि इसका लाइफ टाइम कलेक्शन 378.22 करोड़ रहा था।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो बॉक्स ऑफिस मोजो के अनुसार, फिल्म $483,293,465 (लगभग ₹4340 करोड़) दुनियाभर में कमा चुकी है।
