मुंबई। Baaghi 4 Box Office Day 6: सैयारा के बाद रिलीज हुईं बॉलीवुड फिल्में एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर रही हैं। ऋतिक रोशन-एनटीआर जूनियर की वॉर 2, अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2, सिद्धांत चतुर्वेदी-तृप्ति डिमरी की धड़क 2 और सिद्धार्थ मलहोत्रा-जाह्नवी कपूर की परम सुंदरी बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो चुकी हैं।
वॉर 2 को छोड़कर को कोई भी फिल्म 50 करोड़ का पड़ाव तक पार नहीं कर सकी। वॉर 2 ने 185 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, मगर फिल्म के बजट को देखते हुए यह रकम नाकाफी है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है।
टाइगर श्रॉफ की बागी 4 अब उसी रास्ते पर जाती दिख रही है। अलबत्ता फिल्म ने छठे दिन 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है, जो इस फ्रेंचाइजी की हाइप के हिसाब से बेहद कम है। इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों ने इससे बेहतर प्रदर्शन किया है।
6 दिनों में 50 करोड़ के पार बागी 4
बागी 4, 5 सितम्बर को रिलीज हुई थी और इसने 13.30 करोड़ की ओपनिंग ली थी। ओपनिंग वीकेंड में भी फिल्म की रफ्तार खास नहीं रही। दूसरे दिन शनिवार को 11.34 करोड़ और रविवार को 12.60 करोड़ जमा किये थे।
इसके बाद वर्किंग वीक में फिल्म के कलेक्शंस सिंगल डिजिट में सिमट गये। सोमवार को 5.40 करोड़, मंगलवार को 4.70 करोड़ और बुधवार को 3.50 करोड़ के साथ बागी 4 का छह दिनों का नेट कलेक्शन 50.74 करोड़ हो चुका है।
- Day 1 – ₹13.20 Cr
- Day 2 – ₹11.34 Cr
- Day 3 – ₹12.60 Cr
- Day 4 – ₹5.40 Cr
- Day 5 – ₹4.70 Cr
- Day 6 – ₹ 3.50 Cr
India Total: ₹50.74 Cr Nett
(प्रतिदिन कलेक्शन के आंकड़े निर्माताओं की ओर से जारी किये गये हैं)
इस कलेक्शन के साथ बागी 4 टाइगर श्रॉफ की छठी हाइएस्ट ग्रॉसर बन गई है। आज गुरुवार के कलेक्शन के बाद यह टाइगर की डेब्यू फिल्म हीरोपंती को पीछे छोड़कर पांचवें पायदान पर आ जाएगी।
बागी 4 इस फ्रेंचाइजी की सबसे कमजोर फिल्म साबित हुई है। टाइगर की टॉप 5 फिल्में इस प्रकार हैं:
- बागी 2- 164.38 करोड़
- बागी 3- 93.37 करोड़
- बागी- 76.34 करोड़
- स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2- 69.11 करोड़
- हीरोपंती- 52.92 करोड़
बागी 4 का निर्देशन ए हर्षा ने किया है, जो मलयालम सिनेमा के निर्देशक हैं और यह उनकी पहली हिंदी फिल्म है। साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले लिखा है। उन्होंने फिल्म का निर्माण भी किया है।
फिल्म में हरनाज संधू फीमेल लीड रोल में हैं, जिनकी पहली हिंदी फिल्म है। पंजाबी एक्ट्रेस सोनम बाजवा भी एक अहम रोल में हैं। संजय दत्त ने फिल्म में विलेन का रोल निभाया है। अत्याधिक हिंसा और खूनखराबे के चलते इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने ए सर्टिफिकेट दिया।