मुंबई। Border 2 Box Office Day 1: बॉक्स ऑफिस पर जनवरी की ठंडी शुरुआत के बाद बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर गरमी बढ़ा दी है। पहले दिन बॉर्डर 2 थिएटर्स में जमकर गरजी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। खास बात यह है कि बॉर्डर 2 की धुरंधर से बेहतर रही है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड कायम किये हैं।
बॉर्डर 2 को मिली 32 करोड़ की ओपनिंग
बॉर्डर 2, 23 जनवरी को देशभर में 4800 से ज्यादा स्क्रींस पर रिलीज हुई थी और देशभर में इसके 17000 से ज्यादा शोज आयोजित किये गये। हालांकि, दिन में फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह देखते हुए मिडनाइट शोज जोड़े गये।
निर्माताओं की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, बॉर्डर 2 ने 32.10 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग ली है, जो पिछले साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर से भी ज्यादा है। 5 दिसम्बर को रिलीज हुई रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर ने 28.60 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी।

गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज फिल्मों की ओपनिंग
अगर, पिछले कुछ सालों में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने वाली फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस देखें तो कोविड महामारी के बाद के दौर में बॉर्डर 2 दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। पहले स्थान पर शाह रुख खान की बॉर्डर 2 है। तस्वीर कुछ इस तरह बनती है-
- पठान (25 जनवरी, 2023): 57 करोड़
- बॉर्डर 2 (23 जनवरी, 2026): 32.10 करोड़
- फाइटर (25 जनवरी. 2024): 24.60 करोड़
- स्काय फोर्स (24 जनवरी, 2025): 15.30 करोड़
इस शुरुआत के साथ उम्मीद की जा सकती है कि बॉर्डर 2 ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ का कलेक्शन कर लेगी। सोमवार को गणतंत्र दिवस का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण फिल्म को अपने कलेक्शंस बढ़ाने के लिए एक और मौका मिलेगा।
बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध के निकली है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांथ और अहान शेट्टी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और अन्या सिंह फीमेल लीड हैं। बॉर्डर 2 का निर्देशन जेपी फिल्म्स और टी-सीरीज ने किया है।

