Border 2 Box Office Day 2: सिनेमाघरों में दहाड़ रही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’, आज पार होगा 100 करोड़ का पड़ाव

Border 2 box office collection 2 days. Photo- Film PR

मुंबई। Border 2 Box Office Day 2: सनी देओल की ताजा रिलीज बॉर्डर उम्मीदों के मुताबिक बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इस वॉर फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन शानदार कलेक्शन किया है और अब 100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली है।

आज (रविवार) बॉर्डर 2 हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल हो जाएगी, जिन्होंने रिलीज के तीन दिनों के भीतर बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का पड़ाव पार किया हो।

दूसरे दिन कलेक्शंस में उछाल

23 जनवरी (शुक्रवार) को रिलीज हुई फिल्म ने 32.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी और दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शंस में जबरदस्त जम्प आया और बॉर्डर ने 40.59 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बॉर्डर 2 का दो दिनों का नेट कलेक्शन अब 72.69 करोड़ हो गया है।

यह भी पढ़ें: Border 2: ‘बहुत अच्छा किया बेटा…,’ दिवंगत वॉर हीरो मेजर होशियार सिंह दहिया की पत्नी को पसंद आया वरुण धवन का अभिनय, दिया आशीर्वाद

फिल्म को 100 करोड़ का पड़ाव पार करने के लिए अब सिर्फ 27.31 करोड़ की जरूरत है, जो आज रविवार को आसानी से मिल जाएगा। इसके साथ बॉर्डर 2 साल 2026 की पहली 100 करोड़ी फिल्म बन जाएगी।

वहीं, सोमवार को गणतंत्र दिवस का देशव्यापी अवकाश और फिल्म के मिजाज के मुताबिक होने के कारण बॉर्डर 2 बड़ा स्कोर करेगी। यह कहना गलत नहीं होगा कि बॉर्डर की विरासत और सनी देओल के तेवरों पर टिकी फिल्म ने हिचकोले खाते जनवरी को सम्भाल लिया है और साल को ठोस और उत्साहवर्द्धक शुरुआत दी है।

बॉर्डर 2 की दो दिनों में रफ्तार कुछ इस प्रकार रही:

WEEK 1

  • Day 1 (शुक्रवार): ₹32.10 करोड़
  • Day 2 (शनिवार): ₹ 40.59 करोड़

बॉर्डर के लाइफ टाइम कलेक्शन को छोड़ा पीछे

बॉर्डर 2 ने दो दिनों में ही बॉर्डर के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 1997 में रिलीज हुई बॉर्डर ने 39.46 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था और साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म करार दी गई थी। फिल्म ने 3 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीते थे। बॉर्डर, बॉलीवुड की आइकॉनिक वॉर फिल्मों में से एक गिनी जाती है और मेकिंग के लिहाज से इसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जाता है।

बॉर्डर का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था, जबकि बॉर्डर के निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने सम्भाली। जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता ने भूषण कुमार के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है।

बॉर्डर की तरह सीक्वल की कहानी भी 1971 में हुई भारत-पाक जंग से निकली है। हालांकि, इस कहानी की घटनाएं और नायक अलग हैं। फिल्म मे सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। बॉर्डर 2 भारतीय सेना के तीनों अंगों थल सेना, वायु सेना और नौ सेना के शौर्य को रेखांकित करती है।