Border 2 Box Office Day 3: रविवार को ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर गदर, तीन दिनों में 129 करोड़ हुआ कलेक्शन

Border 2 box office collection 3 days. Photo- X

मुंबई। Border 2 Box Office Day 3: सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 ने रिलीज के तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया है। रविवार को फिल्म ने जोरदार उछाल ली और 100 करोड़ का पड़ाव महज तीन दिनों में पार कर लिया। आज गणतंत्र दिवस के सार्वजनिक अवकाश में फिल्म से बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है, जिसके बाद बॉर्डर 2 डबल सेंचुरी के बेहद करीब पहुंच जाएगी।

रविवार को छप्परफाड़ कमाई

23 जनवरी (शुक्रवार) को रिलीज हुई फिल्म ने 32.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जिसके बाद शनिवार को 40.59 करोड़ जमा किये और रविवार को फिल्म का नेट कलेक्शन 57.20 करोड़ पर पहुंच गया। बॉर्डर 2 का तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड का नेट कलेक्शन अब 129.89 करोड़ हो चुका है।

यह भी पढ़ें: Movies This Friday in Cinemas: गणतंत्र दिवस के लम्बे वीकेंड के लिए सिनेमाघरों में बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की धूम, पढ़ें पूरी लिस्ट

ओपनिंग वीकेंड में बॉर्डर 2 की गति 2025 की सबसे सफल फिल्म धुरंधर से बेहतर रही है। धुरंधर ने तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड में 106.50 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। रविवार की कमाई देखते हुए माना जा रहा है कि आज (सोमवार) को फिल्म कमाई का नया रिकॉर्ड बना सकती है।

हालांकि, ओपनिंग वीकेंड में बॉर्डर 2 सनी देओल की अपनी फिल्म गदर 2 से कुछ पीछे रह गई है। गदर 2 ने तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड में 134.88 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।

बॉर्डर 2 की दो दिनों में रफ्तार कुछ इस प्रकार रही:

WEEK 1

  • Day 1 (शुक्रवार): ₹32.10 करोड़
  • Day 2 (शनिवार): ₹ 40.59 करोड़
  • Day 3 (रविवार): ₹57.20 करोड़

वर्किंग वीक में होगा असली इम्तिहान

बॉर्डर 2 इस साल की पहली मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्म है और इसकी बॉक्स ऑफिस रफ्तार अपेक्षाओं के अनुरूप है। हालांकि, फिल्म की असली परीक्षा गणतंत्र दिवस की छुट्टी खत्म होने के बाद होगी। फिल्म का भविष्य वर्किंग वीक में लोगों की दिलचस्पी पर टिका है। हालांकि, बॉर्डर 2 से अब बड़े बिजनेस की उम्मीद की जा रही है।

1997 में आई बॉर्डर की सीक्वल बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।