Dhurandhar 2 Box Office Day 6: ‘धुरंधर द रिवेंज’ 6 दिनों में बनी छठी हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म, आज टूटेगा ‘छावा’ का रिकॉर्ड?

Dhurandhar The Revenge box office. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Day 6: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर द रिवेंज की तूफानी रफ्तार बॉक्स ऑफिस पर छठे दिन भी जारी रही। मंगलवार के कलेक्शंस के बाद धुरंधर 2 घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भारतीय सिनेमा की छठी हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बन गई है। आज उम्मीद है कि छावा के लाइफ टाइम कलेक्शन को पार कर लेगी।

एक वक्त था, जब फिल्मों का 500 और 600 करोड़ का पड़ाव पार करना बड़ी बात समझी जाती थी, मगर धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस के सारे गणित को बदलकर रख दिया है। पहले हफ्ते में ही फिल्म ने तमाम ऐसे रिकॉर्ड बना दिये हैं, जो कभी असम्भव दिखते थे।

मंगलवार को 56 करोड़ कलेक्शन

19 मार्च को रिलीज हुई फिल्म ने मंगलवार को लगभग 56.60 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका छह दिनों का नेट कलेक्शन 575.72 करोड़ हो चुका है। हालांकि, यह आंकड़ा ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की ओर से आया है। निर्माताओं के आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।

अगर, इसी आंकड़े के आधार पर गणना करें तो धुरंधर 2 ने महज छह दिनों के सफर में बाहुबली 2, गदर 2, पठान और एनिमल के लाइफ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़ा है। धुरंधर 2 हिंदी सिनेमा की फास्टेस्ट फिल्म बन चुकी है, जो हाइएस्ट ग्रॉसर बनने के रास्ते पर है।

  • 100 करोड़- 1 दिन
  • 200 करोड़- 2 दिन (पेड प्रीव्यूज की रकम जोड़कर)
  • 300 करोड़- 3 दिन
  • 400 करोड़- 4 दिन
  • 500 करोड़- 5 दिन
  • 600 करोड़- 7 दिन (?)

TOP 10 HIGHEST GROSSERS IN INDIA

पिछले साल दिसम्बर में रिलीज हुई इसकी प्रीक्वल फिल्म धुरंधर को हिंदी सिनेमा में 700 और 800 करोड़ क्लब की शुरआत करने का श्रेय जाता है। पुष्पा 2 ने हिंदी भाषा में इन पड़ावों को पार किया था, मगर मूल रूप से वो तेलुगु फिल्म थी।

किसी एक भाषा में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सबसे अधिक नेट कलेक्शन करने वाली फिल्मों की लिस्ट अब इस प्रकार है-

  • धुरंधर (2025)- 895.96 करोड़
  • पुष्पा 2 (2024)- 830.10 करोड़
  • जवान (2023)- 643.87 करोड़
  • स्त्री 2 (2024)- 627.02 करोड़
  • छावा (2025)- 600.10 करोड़
  • धुरंधर 2 (2026)- 575.72 करोड़ (In Cinemas)
  • एनिमल (2023)- 556.36 करोड़
  • पठान (2023)- 543.05 करोड़
  • गदर 2 (2023)- 525.45 करोड़
  • बाहुबली 2 (2017)- 510.99 करोड़

हिंदी भाषा में 500 करोड़ क्लब की शुरुआत तेलुगु फिल्म बाहुबली 2 के हिंदी डब वर्जन के साथ हुई थी, जो 2017 में रिलीज हुई। इसके बाद शाह रुख खान की पठान ने हिंदी सिनेमा में इस क्लब की शुरुआत पठान के साथ 2023 में की, यानी बाहुबली 2 का रिकॉर्ड तोड़ने में हिंदी सिनेमा को 6 साल का वक्त लगा।

मगर, इसके बाद हिंदी सिनेमा ने रफ्तार पकड़ी और 600 करोड़ क्लब की शुरुआत अगले ही साल 2024 में हो गई। फिर तेलुगु फिल्म पुष्पा 2 के हिंदी डब वर्जन ने 2024 में 700 और 800 करोड़ क्लब की नींव डाली। पुष्पा 2 का यह रिकॉर्ड सालभर बाद ही हिंदी फिल्म धुरंधर ने तोड़ दिया।