मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Day 7: रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर द रिवेंज ने बुधवार को बॉक्स ऑफिस पर सात दिनों का सफर पूरा कर लिया और इस दौरान हिंदी सिनेमा के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर इतिहास रच दिया है। फिल्म ने महज सात दिनों में 600 करोड़ क्लब में एंट्री लेते हुए पांचवीं हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म का दर्जा पा लिया है।
धुरंधर 2 से आगे अब सिर्फ राजकुमार राव-श्रद्धा कपूर की स्त्री 2, शाह रुख खान की जवान, अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 और खुद रणवीर सिंह की धुरंधर हैं। आज गुरुवार को धुरंधर 2 स्त्री 2 और जवान को पीछे छोड़कर हिंदी सिनेमा की तीसरी हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बन जाएगी।
7 दिनों में 623 करोड़ का कारोबार
19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई धुरंधर 2 ने बुधवार को 48.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका सात दिनों का नेट कलेक्शन 623.97 करोड़ हो गया। यह आंकड़ा सैकनिल्क वेबसाइट ने दिया है। निर्माताओं ने अभी कलेक्शंस अपडेट नहीं किये हैं, जिसके बाद इसमें फेरबदल हो सकता है।
बहरहाल, इस आंकड़े के आधार पर धुरंधर 2 अब टॉप 10 हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्मों की सूची में पांचवें पायदान पर है। इस पोजिशन पर आने के लिए फिल्म ने छावा को रिप्लेस किया है, जिसने 600.10 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Rules: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का आतंक, अगले दो हफ्तों तक रिलीज नहीं हो रही कोई बड़ी फिल्म
- धुरंधर (2025)- 895.96 करोड़
2. पुष्पा 2 (2024)- 830.10 करोड़
3. जवान (2023)- 643.87 करोड़
4. स्त्री 2 (2024)- 627.02 करोड़
5. धुरंधर 2 (2026)- 623.97 करोड़ (In Cinemas)
6. छावा (2025)- 600.10 करोड़
7. एनिमल (2023)- 556.36 करोड़
8. पठान (2023)- 543.05 करोड़
9. गदर 2 (2023)- 525.45 करोड़
10. बाहुबली 2 (2017)- 510.99 करोड़
धुरंधर 2 वो दुर्लभ फिल्म है, जिसके सामने रिकॉर्ड भी छोड़ लगने लगते हैं। आदित्य धर निर्देशित फिल्म ने 5 दिनों में 500 करोड़ और 7 दिनों में 600 करोड़ क्लब में एंट्री लेकर ऐसा मानदंड स्थापित किया है, जिसे हासिल करना बॉलीवुड के लिए आसान नहीं होगा।
फिल्म पर लगे प्रोपेगेंडा फैलाने के आरोप
5 दिसम्बर 2025 को रिलीज हुई धुरंधर की सीक्वल फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस का रोल निभाया है, जो पाकिस्तान के ल्यारी कस्बे में घुसपैठ करके गैंग्स के बीच अपनी जगह बनाता है और फिर उनका सरताज बनकर भारत के दुश्मनों का खात्मा करता है।
हालांकि, फिल्म के साथ प्रोपेगेंडा का टैग भी जुड़ गया है। धुरंधर 2 में कुछ राजनीतिक घटनाएं ऐसी दिखाई गई हैं, जिनको लेकर लोग बंट गये हैं। इसलिए, फिल्म पर मौजूदा सरकार को सपोर्ट करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर निर्माता-निर्देशक आदित्य धर ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

