मुंबई। Dhurandhar 2 Rules: धुरंधर द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा खौफ बरपाया है कि इसके सामने आने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा। क्या हिंद और क्या साउथ, सभी की हालत खस्ता है। नतीजा यह हुआ कि मार्च के आखिरी और अप्रैल के पहले शुक्रवार को कोई भी बड़ी फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आ रही। यानी धुरंधर 2 के लिए पूरा मैदान खाली है।
27 मार्च से 3 अप्रैल तक धुरंधर 2 की बादशाहत
आदित्य धर निर्देशित धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले हफ्ते में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सोलो रिलीज थी। वहीं, अब 27 मार्च और 3 अप्रैल को कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने और नये सत्र की शुरुआत के बीच यह समय सिनेमा के लिए काफी मुफीद माना जाता है और नई फिल्मों को रिलीज करने की होड़ लगी रहती है।
इसके अलावा फिल्म ने देशभर में ज्यादातर स्क्रींस पर अपना कब्जा किया हुआ है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की गति को देखते हुए सिनेमाघर मालिक भी धुरंधर 2 की स्क्रींस किसी और को देने के मूड में नहीं है। ऐसे में नई फिल्मों को स्पेस मिलने की कोई सम्भावना नहीं है।
इस दौरान 26 मार्च को सिर्फ हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हो रही है। रायन गोसलिंग स्टारर यह फिल्म भी पहले 20 मार्च को आने वाली थी, मगर धुरंधर 2 की सुनामी देख इसे एक हफ्ता आगे खिसका दिया गया।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Rules: बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का आतंक, अगले दो हफ्तों तक रिलीज नहीं हो रही कोई बड़ी फिल्म
साउथ में धुरंधर 2 का कोई जोर नहीं
27 मार्च को दक्षिण भारतीय भाषाओं की कुछ फिल्में रिलीज होगी, मगर उनमें ज्यादातर पैन इंडिया रिलीज नहीं हैं। यह फिल्में साउथ में धुरंधर 2 को नुकसान पहुंचा सकती हैं, क्योंकि रणवीर की फिल्म हिंदी के साथ तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज की गई है।
एक पहलू यह भी है कि धुरंधर 2 को रिस्पॉन्स हिंदी भाषा में मिल रहा है, वैसा दक्षिण भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नहीं मिला है। तमिल और तेलुगु भाषाओं में फिल्म ने कुछ करोड़ जोड़े हैं, मगर मलयालम और कन्नड़ में हालत खराब है।

टॉक्सिक ने भागने में समझी भलाई
साउथ के वो मेकर्स धुरंधर 2 के सामने नहीं आना चाह रहे हैं, जो अपनी फिल्मों को हिंदी भाषा में रिलीज करके कमाई बढ़ाना चाहते हैं। कन्नड़ भाषा की टॉक्सिक ऐसी ही फिल्म है, जिसे हिंदी में भी इसे बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी की गई है, क्योंकि यश की पिछली फिल्म केजीएफ 2 ने हिंदी भाषा में 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था।
ऐसे में टॉक्सिक को लेकर यहां भी हाइप बनी हुई है, मगर धुरंधर 2 के सामने इसे रिलीज करना घाटे का सौदा साबित हो सकता था। फिल्म की रिलीज टलने की वजह ईरान और इजरायल के बीच युद्ध को बताया गया था। मेकर्स का दावा था कि टॉक्सिक को इंटरनेशनल फिल्म के तौर पर पेश करना चाहते हैं, जो युद्ध से प्रभावित हैं। इसलिए रिलीज स्थगित की गई।
यह फिल्म अब 4 जून को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। धुरंधर 2 की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए टॉक्सिक के मेकर्स का यह फैसला समझदारी भरा ही कहा जाएगा।

10 अप्रैल को भूत बंगला और डकैत
धुरंधर 2 को पूरे तीन हफ्तों का क्लीन रन मिला है। कोई कॉम्पिटीशन ना होने के कारण रणवीर की फिल्म को अपनी कमाई बढ़ाने का भरपूर मौका मिला है। अब सीधे 10 अप्रैल को अक्षय कुमार की भूत बंगला और तेलुगु फिल्म डकैत एक प्रेम कथा रिलीज होंगी। डकैत पैन इंडिया फिल्म है।

