मुंबई। Dhurandhar Box Office Day 1: आखिरकार, बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह का वो लम्हा आ गया, जिसे उन्हें काफी समय से इंतजार था। आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने रणवीर को बॉक्स ऑफिस का धुरंधर बना दिया है। अर्ली रिपोर्ट्स की मानें तो धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर धांसू शुरुआत की है।
पहले दिन की कमाई के अभी तक जो आंकड़े आये हैं, उनके मुताबिक, धुरंधर रणवीर सिंह के 15 साल के करियर की बेस्ट ओपनिंग साबित हुई है। वहीं, इस साल की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग है।
बॉक्स ऑफिस कमाई के आंकड़े देने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, धुरंधर ने पहले दिन 27 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। हालांकि, यह अनुमानित आंकड़ा है और अंतिम कलेक्शन आने के बाद इसमें फेरबदल सम्भव है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं रणवीर सिंह की Dhurandhar हीरोइन? सलमान खान और ऐश्वर्या राय की फिल्मों में कर चुकी हैं काम
Ranveer Singh’s Top 10 Openings
यह रणवीर के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। इससे पहले रणवीर की सबसे बड़ी ओपनिंग पद्मावत को मिली थी, जिसने पहले दिन 24 करोड़ का कलेक्शन किया था। हालांकि, इस फिल्म में लीड रोल में शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण थे। रणवीर ने फिल्म खलनायक की भूमिका निभाई थी।
सोलो लीड रोल में रणवीर की सबसे बड़ी ओपनिंग सिम्बा है, जो रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की फिल्म है। इस फिल्म ने 20.72 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। रणवीर ने 2010 में आई फिल्म बैंड बाजा बरात से डेब्यू किया था और इस साल उन्हें इंडस्ट्री में आये डेढ़ दशक हो गया।
- धुरंधर- 27 करोड़ (अनुमानित)
- पद्मावत- 24 करोड़
- सिम्बा- 20.72 करोड़
- गली ब्वॉय- 19.40 करोड़
- गुंडे- 16.12 करोड़
- गोलियों की रासलीला राम लीला- 16 करोड़
- बाजीराव मस्तानी- 12.80 करोड़
- 83- 12.64 करोड़
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- 11.10 करोड़
- दिल धड़कने दो- 10.53 करोड़
रणवीर को अर्से से इस तरह की ओपनिंग की जरूरत थी। उनकी पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं चलीं, जिससे उन पर सवाल उठने लगे थे। धुरंधर ने साबित किया है कि रणवीर अभी भी दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने की क्षमता रखते हैं।
लीड रोल में उनकी पिछली फिल्म 2023 में आई रॉकी और रानी की प्रेम कहानी है। यह फिल्म हिट रही थी, मगर ओपनिंग के मामले में फिसड्डी रही थी।
Top 10 Opening Collections Of 2025
अगर, इस साल रिलीज हुई फिल्मों की बात करें तो धुरंधर साल की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग है। इससे आगे विक्की कौशल की छावा, ऋतिक रोशन की वॉर 2 और सलमान खान की सिकंदर ही हैं। हालांकि, अंतिम आंकड़े आने के बाद इसकी पोजिशन ऊपर खिसक सकती है।
- छावा- 33.10 करोड़
- वॉर 2- 29 करोड़ (हिंदी और तेलुगु रिलीज)
- सिकंदर- 27.50 करोड़ (रविवार रिलीज)
- धुरंधर- 27 करोड़ (अनुमानित)
- हाउसफुल 5- 24.35 करोड़
- थामा- 23.11 करोड़
- सैयारा- 22 करोड़
- रेड 2- 19.71 करोड़
- कांतारा अ लीजेंड- चैप्टर 1- 18.50 करोड़ (हिंदी)
- स्काय फोर्स- 15.30 करोड़
धुरंधर एक स्पाइ थ्रिलर है, जिसमें रणवीर भारतीय जासूस बने हैं, जो पाकिस्तान में एक मिशन के लिए जाता है। खबरें आई थीं कि यह फिल्म शहीद मेजर मोहित शर्मा के जासूसी कारनामों से प्रेरित है, मगर आदित्य धर ने इसका खंडन किया है।
फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल भी अहम किरदारों में हैं। रणवीर ने पहली बार स्पाइ का किरदार निभाया है।

