Dhurandhar Box Office Day 3: रणवीर सिंह की बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ वापसी, तीन दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार

Dhurandhar box office collection day 3. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar Box Office Day 3: रणवीर सिंह को धुरंधर के जरिए वो कामयाबी मिल गई है, जिसका उन्हें लम्बे समय से इंतजार रहा होगा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है। यह फिल्म रणवीर के 15 सालों के करियर की बेस्ट ओपनिंग तो बनी ही, साथ ही इस साल की दूसरी सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड देने वाली फिल्म बन गई है।

आदित्य धर सह-निर्मित और निर्देशित फिल्म ने रविवार को बवाल मचाते हुए 44.80 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका तीन दिनों का नेट कलेक्शन 106.50 करोड़ हो गया है। कम से कम 100 करोड़ कलेक्शन करने वाली रणवीर की यह 8वीं फिल्म है। साथ ही, 100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली फास्टेस्ट फिल्म भी है।

  • पद्मावत- 302.15 करोड़
  • सिम्बा- 240.31 करोड़
  • बाजीराव मस्तानी- 184.20 करोड़
  • रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- 153.60 करोड़
  • गली ब्वॉय- 140.25 करोड़
  • गोलियों की रासलीला राम लीला- 116.33 करोड़
  • 83- 109.02 करोड़
  • धुरंधर- 106.50

धुरंधर ने 5 दिसम्बर को 28.60 करोड़ की ओपनिंग ली थी और शनिवार को 33.10 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। शुक्रवार और शनिवार को फिल्म की गति देखते हुए माना जा रहा था कि रविवार को कमाई 35-40 करोड़ के बीच रहेगी। मगर, सारे कयासों को धता बताते हुए धुरंधर ने रविवार को रिकॉर्डतोड़ कमाई की है।

Day 1 (शुक्रवार): 28.60 करोड़

Day 2 (शनिवार): 33.10 करोड़

Day 3 (रविवार): 44.80 करोड़

फिल्म का तीन दिनों का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 160. 15 करोड़ हो चुका है, जिसमें से 125.67 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर किया है और ओवरसीज का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 34.48 करोड़ है।

धुरंधर एक नॉन हॉलीडे और नॉन फेस्टिव रिलीज है। ना ही यह कोई सीक्वल है। इसके बावजूद फिल्म की इतनी कमाई बता रही है कि धुरंधर दर्शकों को पसंद आ रही है। अगले साल अप्रैल में इसका सीक्वल आएगा, जिसकी घोषणा फिल्म के क्लाइमैक्स में की गई है।

हालांकि, धुरंधर की कमाई पर सवाल उठाये जा रहे हैं। सोशल मीडिया में कुछ एकाउंट दावा कर रहे हैं कि फिल्म की ओपनिंग जोरदार दिखाने के लिए मेकर्स ने बड़ी मात्रा में कॉरपोरेट बुकिंग का सहारा लिया है।

इसीलिए, फिल्म के लिए सोमवार बेहद अहम होगा। अगर, फिल्म वाकई में विशुद्ध दर्शकों के दम पर चल रही है तो पहले सोमवार को इसकी कमाई में बहुत बड़ी गिरावट नहीं आनी चाहिए।

Top 10 Opening Weekend Collection of 2025

रविवार की कमाई के बाद धुरंधर इस साल की दूसरी सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन (106.50 करोड़) देने वाली फिल्म बन चुकी। धुरंधर से आगे सिर्फ छावा है। विक्की कौशल की थावा ने 121.43 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में कमाये थे, जो इस साल टूटना मुश्किल है।

तीसरे स्थान पर ऋतिक रोशन और एनटीआर जूनियर की वॉर 2 है, जिसने रिलीज के तीन दिनों में 102 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। इस फिल्म की कमाई का काफी हिस्सा तेलुगु वर्जन से आया था।

धुरंधर ने टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में जगह बनाने के लिए धनुष और कृति सेनन की फिल्म तेरे इश्क में को बाहर धकेल दिया है। 28 नवम्बर को रिलीज हुई तेरे इश्क में ने 50.95 करोड़ का नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था।

(इनमें कुछ फिल्मों को ओपनिंग वीकेंड 4-6 दिनों के रहे हैं, मगर लिस्ट में एकरूपता के लिए सभी फिल्मों के सिर्फ शुरुआती तीन दिनों के कलेक्शंस ही लिये गये हैं)

1- छावा: 121.43 करोड़

2- धुरंधर: 106.40 करोड़

3- वॉर 2: 102 करोड़ (तेलुगु में भी रिलीज)

4- सैयारा: 84.50 करोड़

5- हाउसफुल 5: 81.85 करोड़

6- कांतारा अ लीजेंड चैप्टर 1: 75 करोड़ (हिंदी)

7- स्काय फोर्स: 73.20 करोड़

8- थामा: 58.79 करोड़

9- सितारे जमीन पर- 57.30 करोड़

10- रेड 2- 51.31 करोड़

धुरंधर एक स्पाइ एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह भारतीय जासूस के किरदार में हैं, जो पाकिस्तान में जाकर दुश्मनों के खेमे में शामिल हो जाता है। यह काम वो इतनी सफाई से करता है कि किसी को रत्तीभर भी शक नहीं होता।

फिल्म में आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त ने अहम किरदार निभाये हैं। खासकर, अक्षय के अभिनय की सोशल मीडिया में काफी तारीफ हो रही है।