मुंबई। Dhurandhar Box Office Day 7: रणवीर सिंह के लिए साल 2025 यादगार रहने वाला है। इस साल उनके करियर में वो मोड़ आया, जिसका उन्हें भी लम्बे अर्से से इंतजार रहा होगा। इस मोड़ का नाम है धुरंधर। पिछले कुछ साल रणवीर के लिए अच्छे नहीं रहे। उनकी ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर विफल रहीं और एक भरोसेमंद कलाकार के तौर पर उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
धुरंधर ने रणवीर के स्टारडम पर लगे उस दाग को धो दिया है और उन्हें एक बार फिर बॉलीवुड के उन सितारों की कतार में खड़ा कर दिया है, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर अपनी कामयाबी से गदर मचाया है। आदित्य धर निर्देशित और निर्मित इस फिल्म ने साल के आखिरी महीने को मालामाल कर दिया है।
गुरुवार को भी धुआंधार चली धुरंधर
गुरुवार को धुरंधर ने सिनेमाघरों में रिलीज का एक हफ्ता पूरा कर लिया और इसके साथ ही बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। गुरुवार को सातवें दिन फिल्म ने बुधवार के कलेक्शंस को पीछे छोड़ते हुए 29.40 करोड़ नेट कलेक्शन किया। इसके साथ फिल्म का 7 दिनों का नेट कलेक्शन 218 करोड़ हो गया।
अब धुरंधर की अगली मंजिल 300 करोड़ का पड़ाव है। शुक्रवार को फिल्म 240 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। अगर, दूसरे वीकेंड में फिल्म ने जोरदार उछाल लिया तो 300 करोड़ का पड़ाव पार हो सकता है।

पहले हफ्ते में धुरंधर की गति कुछ इस प्रकार रही:
5 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 28.60 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग ली थी। तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था।
Day 1 (शुक्रवार): 28.60 करोड़
Day 2 (शनिवार): 33.10 करोड़
Day 3 (रविवार): 44.80 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.30 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 28.60 करोड़
Day 6 (बुधवार): 29.20 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 29.40 करोड़
दूसरे वीकेंड में पीछे छूटेगी सिम्बा
200 करोड़ क्लब में रणवीर सिंह की यह तीसरी फिल्म है। साथ ही सबसे तेज फिल्म भी है। इससे पहले 2018 में आई सिम्बा ने 240.31 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिसे 200 करोड़ तक पहुंचने में 12 दिन लगे थे, जबकि पद्मावत ने 302.15 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था और इसके 200 करोड़ पार करने में 11 दिन लगे थे।
धुरंधर सोलो लीड रोल में सिम्बा के बाद रणवीर की दूसरी सबसे बड़ी सफलता है। हालांकि, पद्मावत ने ट्रिपल सेंचुरी मारी थी, मगर उस फिल्म में क्रेडिट शेयर करने के लिए दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर भी मौजूद थे।
फिल्म की रफ्तार से जाहिर है कि दूसरे वीकेंड में धुरंधर सिम्बा को पीछे छोड़कर रणवीर की सोलो लीड में पहली सबसे बड़ी कामयाबी बन जाएगी। हालांकि, इस गति से पद्मावत का लाइफ टाइम कलेक्शन भी ज्यादा दूर नहीं है।
- पद्मावत- 302.15 करोड़
- सिम्बा- 240.31 करोड़
- धुरंधर- 218 करोड़
- बाजीराव मस्तानी- 184.20 करोड़
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- 153.60 करोड़
- गली ब्वॉय- 140.25 करोड़
- गोलियों की रासलीला राम लीला- 116.33 करोड़
- 83- 109.02 करोड़
Top 10 Movie Collections Of 2025
अगर, इस साल की बात करें तो धुरंधर टॉप 10 कलेक्शंस की लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गई है। आज दूसरे शुक्रवार को धुरंधर कांतारा चैप्टर 1 के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़कर इस साल की तीसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली हिंदी फिल्म बन जाएगी।
अब फिल्म के निशाने पर सैयारा है, जो साल 2025 की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है। हालांकि, छावा की मंजिल अभी काफी दूर है।
1- छावा- 600.10 करोड़
2- सैयारा- 337.78 करोड़
3- कांतारा अ लीजेंड- चैप्टर 1- 224.39 करोड़
4- धुरंधर- 218 करोड़
5- वॉर 2- 185.13
6- महावतार नरसिम्हा- 182.83 करोड़
7- रेड 2- 178.08 करोड़
8- सितारे जमीन पर- 165.67 करोड़
9- हाउसफुल 5- 160.72 करोड़
10- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़
धुरंधर स्पाइ थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और अक्षय खन्ना प्रमुख किरदारों में हैं। सोशल मीडिया में सभी कलाकारों की जमकर तारीफ हो रही है। खासकर, अक्षय खन्ना के किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है।

