मुंबई। Dhurandhar Box Office Day 9: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त वाकई इतिहास लिखा जा रहा है। रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर रिलीज के दूसरे हफ्ते मे बॉक्स ऑफिस पर जो गदर मचा रही है, वो भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहली बार देखा जा रहा है।
फिल्म की दीवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है, जिसके चलते धुरंधर ने 300 करोड़ क्लब में एंट्री लेने के साथ पुष्पा 2 का भी एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
धुरंधर के नाम सबसे बड़ा दूसरा शनिवार
फिल्मों का यह ट्रेंड सामान्य है कि सबसे ज्यादा कमाई ओपनिंग वीकेंड में होती है, उसके बाद आने वाले वीकेंड्स में कलेक्शंस कम होते जाते हैं, मगर धुरंधर की गंगा उल्टी बह रही है। फिल्म पहले वीकेंड के मुकाबले दूसरे वीकेंड में कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही है।
दूसरे शनिवार को फिल्म ने 53.70 करोड़ का जोरदार नेट कलेक्शन किया है और इसके साथ कई फिल्मों के सेकंड सैटरेडे की कमाई के रिकॉर्ड धराशायी कर दिये हैं। अब तक यह खिताब अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा 2 के नाम था, जिसने दूसरे शनिवार को सबसे ज्यादा 46.50 करोड़ बटोरे थे, मगर धुरंधर ने बड़े मार्जिन से इसे पीछे छोड़ दिया है।
इस साल रिलीज हुई सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म छावा भी इस रिकॉर्ड में धुरंधर से पीछे रह गई है। 600 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन करने वाली छावा ने दूसरे शनिवार को 44.10 करोड़ जमा किये थे।
नौंवे दिन 300 करोड़ के पार धुरंधर
शनिवार का कलेक्शन मिलाकर धुरंधर का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 9 दिनों का नेट कलेक्शन अब 306.40 करोड़ हो चुका है। 300 करोड़ को पार करने वाली धुरंधर साल की फास्टेस्ट फिल्म है। छावा ने इस पड़ाव तक पहुंचने में 10 दिन लिये थे।
यह भी पढें: Akshaye Khanna की ‘धुरंधर’ परफॉर्मेंस पर आया ‘डायरेक्टर’ अक्षय कुमार का रिएक्शन, बोले- कभी घमंड नहीं किया!

शुक्रवार के कलेक्शंस के बाद यह तो पक्का हो गया था कि फिल्म दूसरे वीकेंड में ट्रिपल सेंचुरी जड़ देगी, मगर यह पड़ाव शनिवार को ही पार कर लेगी, इसकी उम्मीद नहीं थी। दूसरे वीकेंड में धुरंधर की कमाई बता रही है कि फिल्म बड़े कलेक्शंस की ओर बढ़ रही है।
नौ दिनों में धुरंधर की गति कुछ इस प्रकार रही:
5 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 28.60 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग ली थी। तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था, जबकि 200 करोड़ पार करने में सिर्फ सात दिन लिये। वहीं, 300 करोड़ का आंकड़ा 9 दिनों में हासिल कर लिया।
WEEK 1
Day 1 (शुक्रवार): 28.60 करोड़
Day 2 (शनिवार): 33.10 करोड़
Day 3 (रविवार): 44.80 करोड़
ओपनिंग वीकेंड का कलेक्शन: 106.50 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.30 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 28.60 करोड़
Day 6 (बुधवार): 29.20 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 29.40 करोड़
पहले हफ्ते का नेट कलेक्शन: 218 करोड़
WEEK 2
Day 8 (शुक्रवार): 34.70 करोड़
Day 9 (शनिवार): 53.70 करोड़
धुरंधर का दूसरा वीकेंड, ओपनिंग वीकेंड के मुकाबले काफी बड़ा होने वाला है।
Top 10 Movie Collections Of 2025
धुरंधर अब साल 2025 की टॉप मूवीज की लिस्ट में तीसरे स्थान पर आ चुकी है। आज रविवार को सैयारा का लाइफ टाइम कलेक्शन पीछे छूट जाएगा और धुरंधर साल की दूसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन जाएगी। अब देखना यह है कि छावा को पीछे छोड़ने में इसे कितना वक्त लगता है।
1- छावा- 600.10 करोड़
2- सैयारा- 337.78 करोड़
3- धुरंधर- 306.40 करोड़
4- कांतारा अ लीजेंड- चैप्टर 1 (हिंदी)- 224.39 करोड़ (कन्नड़ फिल्म)
5- वॉर 2- 185.13 (तेलुगु में भी रिलीज)
6- महावतार नरसिम्हा- 182.83 करोड़ (एनिमेशन फिल्म)
7- रेड 2- 178.08 करोड़
8- सितारे जमीन पर- 165.67 करोड़
9- हाउसफुल 5- 160.72 करोड़
10- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़
रणवीर सिंह की टॉप फिल्में
धुरंधर ने रणवीर सिंह के व्यक्तिगत रिकॉर्ड को भी सुधार दिया है। यह उनके करियर की फास्टेस्ट और हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बन चुकी है। अब तक यह खिताब पद्मावत के नाम था, जिसने 302 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था, मगर धुरंधर ने इसे 9 दिनों में ही तोड़ दिया।
- धुरंधर- 306.40 करोड़ (2025)
- पद्मावत- 302.15 करोड़ (2018)
- सिम्बा- 240.31 करोड़ (2018)
- बाजीराव मस्तानी- 184.20 करोड़ (2-15)
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- 153.60 करोड़ (2023)
- गली ब्वॉय- 140.25 करोड़ (2019)
- गोलियों की रासलीला राम लीला- 116.33 करोड़ (2013)
- 83- 109.02 करोड़ (2021)
24 घंटे चल रहे शोज
सिनेमाघरों में लोगों की दीवानगी का आलम देखते हुए मुंबई और पुणे में इसके शोज 24 घंटे चल रहे हैं, यानी देर रात भी दर्शक फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ वक्त में ऐसी दीवानगी कम ही देखी गई है। आदित्य घर निर्देशित धुरंधर ने वाकई वो कारनामा कर दिखाया, जिसकी हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस की बेहद जरूरत थी।
धुरंधर स्पाइ थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और अक्षय खन्ना प्रमुख किरदारों में हैं। सोशल मीडिया में सभी कलाकारों की जमकर तारीफ हो रही है। खासकर, अक्षय खन्ना के किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म का सीक्वल अगले साल ईद पर आएगा।

