Dhurandhar The Revenge: बॉक्स ऑफिस पर फायर बनी ‘धुरंधर 2’, पीवीआर सिनेमाज में एडवांस बुकिंग 10 लाख के पार

Dhurandhar The Revenge advance booking. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar The Revenge: रणवीर सिंह की आदित्य धर निर्देशित फिल्म धुरंधर द रिवेंज इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चित और प्रतीक्षित फिल्म है। हालांकि, अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। फिल्म सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज हो रही है। इससे पहले 18 मार्च को फिल्म के पेड प्रीव्यूज रखे गये हैं, जिसको लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है।

टिकट बुकिंग साइट बुक माइ शो पर फिल्म के लिए लोगों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है। धुरंधर 2 के पेड प्रीव्यूज के ज्यादा शोज फास्ट फिलिंग में पहुंच गये हैं। खासकर, मुंबई फिल्म के लिए एक अलग ही उत्साह नजर आ रहा है।

10 लाख से ज्यादा बुकिंग

पीवीआर आइनॉक्स सिनेमाज की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि फिल्म के लिए 10 लाख से ज्यादा एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। फिल्म की डिमांड मुंबई, दिल्ली एनसीआर, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई से लेकर टीयर 2 के बाजार मसलन पुणे, अहमदाबाद, लखनऊ और कोयम्बटूर तक फैली हुई है।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar The Revenge Trailer: हिंदुस्तान लिखेगा पाकिस्तान का मुस्तकबिल, आ गया साल का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर

धुरंधर 2 हिंदी के साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज की जा रही है, जिसके चलते पैन इंडिया इसको लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। अहम बता यह है कि धुरंधर 2 के हाइ वैल्यू शोज भी तेजी से भर रहे हैं, जिनके टिकट काफी महंगे हैं।

पीवीआर आइनॉक्स लिमिटेड के सीईओ गौतम दत्ता ने बताया कि सभी थिएटर्स में धुरंधर 2 को लेकर जबरदस्त जोश देखा जा रहा है। प्रीव्यू के रुझान देखकर लग रहा है कि लोग इस तरह की हाइ स्टेक्स एक्शन फिल्मों की प्रीमियम स्क्रीनिंग्स को प्राथमिकता देते हैं। दत्ता ने कहा कि हम देशभर में लोगों के अनुभव को शानदार बनाने के लिए तैयार हैं।

बनेगा ओपनिंग का नया कीर्तिमान?

अगर, आंकड़ों में बता करें तो धुरंधर 2 रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग लेने की ओर बढ़ रही है। सैकनिल्क के मुताबिक, पेड प्रीव्यूज के जरिए फिल्म ने लगभग 38 करोड़ रुपये जुटा लिये हैं। पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग 26 करोड़ रुपये से ज्यादा बटोर चुकी है। ओपनिंग वीकेंड के लिए टिकटों की अग्रिम बिक्री 60 करोड़ के पार पहुंच चुकी है।