मुंबई। Dhurandhar VS Avatar 3: हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर ने कोहराम मचाया हुआ है। आंधी-तूफान की तरह चल रही फिल्म रिलीज के दो हफ्तों में 477 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म की मौजूदा गति को देखते हुए माना जा रहा है कि यह तूफान अभी रुकने वाला नही है।
इसीलिए, सबकी नजरें अब अवतार फायर एंड ऐश पर टिकी हैं, जो कल यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में पहुंच रही है। क्या जेम्स कैमरून की अवतार 2 धुरंधर के तूफान को थाम सकेगी या खुद निकले की तरह हवा में बिखर जाएगी? आइए, जानने की कोशिश करते हैं।
कल से अवतार 3 की चुनौती
दिसम्बर के तीसरे शुक्रवार 19 दिसम्बर को हॉलीवुड फिल्म अवतार फायर एंड ऐश आ रही है, जो दुनिया की सबसे सफल फ्रेंचाइजी अवतार का तीसरा भाग है। भारत में भी इस फ्रेंचाइजी की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। ऐसे में अवतार धुरंधर के लिए खतरा साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Avatar Fire And Ash: वाराणसी में रिवील हुआ ‘अवतार 3’ का हिंदी लोगो, भारतीय संस्कृति से जुड़ा पैंडोरा का कनेक्शन
क्यों बड़ी है अवतार 3 की चुनौती?
अवतार 3, धुरंधर के लिए कितनी बड़ी चुनौती बन सकती है, इसके लिए जानते हैं कि भारत में इस फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों ने क्या हंगामा मचाया था।
- अवतार, 18 दिसम्बर 2009 को दुनिया के अन्य देशों के साथ पहली बार भारत में रिलीज हुई थी। इसे बाद में री-रिलीज भी किया गया था। बॉक्स ऑफिस मोजो डॉट कॉम के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 3 करोड़ 21 लाख 41 हजार 722 डॉलर की कमाई की थी, अगर इसे रुपयों में बदला जाए तो यह रकम तकरीबन 155 करोड़ बनती है।
- 16 दिसम्बर 2022 को रिलीज हुई फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म अवतार द वे ऑफ वॉटर ने कमाई के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत में 378.22 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। किसी हॉलीवुड फिल्म की भारत में यह सबसे ज्यादा कमाई है।
यही वजह है कि अवतार 3 को एक विकट चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

अवतार 3 को लेकर देश में दिलचस्पी का अंदाजा बुक माइ शो पर इंटरेस्ट के आंकड़ो से लगाया जा सकता है। 18 दिसम्बर तक, 1.4 मिलियन यानी 14 लाख लोग फिल्म में दिलचस्पी जाहिर कर चुके हैं। इसकी एडवांस बुकिंग 1 दिसम्बर से शुरू हो चुकी है।
महानगरों और मल्टीप्लेक्सेज में कड़ी टक्कर
भारत में फिल्म अंग्रेजी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में 2डी के अलावा 3डी, आइमैक्स 3डी, आइसीई 3डी, 4 डीएक्स 3डी, एमएक्स 4डी 3डी, डॉल्बी सिनेमा 3डी और 3डी स्क्रीन एक्स फॉर्मेट्स में रिलीज होगी।
धुरंधर को अवतार 3 से असली चुनौती हिंदी भाषा में मिलेगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि हॉलीवुड फिल्में भारत में भी अंग्रेजी में ही सबसे ज्यादा कमाई करती हैं। हिंदी भाषा का वर्जन कमाई के मामले में दूसरे स्थान पर रहता है। अवतार 3 की रिलीज का बड़ा असर मल्टीप्लेक्स और महानगरों में देखने को मिलेगा, जहां धुरंधर को इससे कड़ी टक्कर मिलेगी।
धुरंधर पलट ना दे बाजी!
यह सही है कि अवतार 3 धुरंधर के लिए बड़ी चुनौती है, मगर इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि धुरंधर ने अपने दूसरे हफ्ते में जो दम दिखाया है, उससे बाजी पलट भी सकती है। रणवीर सिंह की फिल्म ने रिलीज के 14 दिनों में औसतन 34 करोड़ का कारोबार हर रोज किया है, जो फिल्म की ठोस पकड़ दिखाता है।
इस लिहाज से तीसरे हफ्ते में धुरंधर की रफ्तार कायम रहेगी। उधर, अवतार फायर एंड ऐश के शुरुआती रिव्यूज उत्साहवर्धक नहीं हैं। वहीं, ओपनिंग को लेकर भी अनुमान है कि यह अवतार 2 से भी कम रह सकती है। अगर, यह कयास सही निकले तो फिर धुरंधर अवतार 3 की चुनौती से आसानी से निपट लेगी।
(इस स्टोरी को नये तथ्यों और आंकड़ों के मद्देनजर अपडेट किया गया है)
