Housefull 5 Advance Booking: 5000 से ज्यादा स्क्रींस पर रिलीज होगी ‘हाउसफुल 5’, शुरू हुई एडवांस बुकिंग

Housefull 5 advance booking begins. Photo- Instagram

मुंबई। Housefull 5 Advance Booking: अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 की एडवांस बुकिंग रविवार (1 जून) से शुरू कर दी गई है। हाउसफुल 5 इस साल की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों में शामिल है और इसको लेकर मेकर्स आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। रिलीज से 6 दिन पहले एडवांस बुकिंग खोलना इसी आत्मविश्वास की मिसाल है।

हाउसफुल 5 इस साल की बड़ी रिलीज फिल्मों में शामिल है, जो 5000 से ज्यादा स्क्रींस पर 6 जून को रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है, जबकि कथा-पटकथा साजिद नाडियाडवाला की है, जो फिल्म के निर्माता भी हैं।

दो क्लाइमैक्स के साथ होगी रिलीज

फ्रेंचाइजी की पांचवीं किस्त को यादगार बनाने के लिए एक अनोखा रचनात्मक प्रयोग किया गया है। फिल्म दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज की जाएगी। यानी अलग-अलग स्क्रींस पर अलग क्लाइमैक्स देखने को मिलेगा। अलग-अलग सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में अलग क्लाइमैक्स होंगे।

मल्टीप्लेक्स की अलग-अलग स्क्रींस में भी अलग क्लाइमैक्स होंगे।

यह भी पढ़ें: Hera Pheri 3 Legal Notice: ‘मेरे वकील ने जवाब दे दिया है…,’ अक्षय कुमार के कानूनी नोटिस पर परेश रावल की पहली प्रतिक्रिया

सबसे लम्बी फ्रेंचाइजी हाउसफुल 5

हाउसफुल 5 भारत की सबसे बड़ी कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक है और यह एकमात्र फ्रेंचाइजी है, जो अपने पांचवें भाग तक पहुंची है। हाउसफुल फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2010 में आई थी, जिसे साजिद खान ने निर्देशित किया था।

हाउसफुल 5 की कहानी इस बार क्रूज पर मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है। इसी प्लॉट के इर्द-गिर्द कॉमेडी की दुनिया बसाई गई है। फिल्म में 18 सितारों की लम्बी कतार है, जिनमें अक्षय कुमार के साथ रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, जैकलीन फर्नांडिस, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चित्रांगदा सिंह, फरदीन खान, चंकी पांडे, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, डिनो मोरिया, रंजीत, सौंदर्या शर्मा, निकितिन धीर और आकाशदीप साबिर जैसे पुराने पसंदीदा और कुछ नए चेहरे शामिल हैं।