मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 1: जैसा अनुमान लगाया जा रहा था, हाउसफुल 5 ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर उससे बेहतर प्रदर्शन किया है। मिले-जुले रिव्यूज के बीच साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ने धमाकेदार ओपनिंग ली है और साल 2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है।
इतना ही नहीं, हाउसफुल 5 अक्षय कुमार के करियर की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग और इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। हाउसफुल 5 का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले साजिद नाडियाडवाला ने लिखा है, जो निर्माता भी हैं।
पहले दिन हाउसफुल 5 को मिले 24 करोड़
मेकर्स ने फिल्म को दो क्लाइमैक्स के साथ सिनेमाघरों में उतारा। यह रणनीति पहले दिन सफल रही और पहले दिन शानदार कमाई हुई। निर्माताओं के अनुसार, हाउसफुल 5 ने 24.35 करोड़ की ओपनिंग (Housefull 5 Box Office Day 1) ली है।
यह भी पढ़ें: Housefull Franchise Box Office: 15 सालों में पांचवीं फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर हाउसफुल रही है Akshay Kumar की फ्रेंचाइजी
अगर वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ओवरसीज में फिल्म ने 11.11 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर हाउसफुल 5 का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 39.84 करोड़ हो गया है।
2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
हाउसफुल 5 इस साल अब तक रिलीज हुई फिल्मों की टॉप 5 ओपनिंग्स की लिस्ट में तीसरे स्थान पर है। अक्षय कुमार की फिल्म ने अजय देवगन की रेड 2 को पीछे धकेल दिया है, जो अभी तक तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग बनी हुई थी। इस साल के टॉप 5 ओपनिंग कलेक्शंस इस प्रकार हैं:
- छावा- 33.10 करोड़
- सिकंदर- 27.50 करोड़
- हाउसफुल 5- 24.35 करोड़
- रेड 2- 19.71 करोड़
- स्काय फोर्स- 15.30 करोड़
गौरतलब है कि टॉप 5 में से दो फिल्में अक्षय कुमार की हैं। विक्की कौशल की छावा का रिकॉर्ड फिलहाल टूटता नहीं दिखता।
फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग
हाउसफुल 5 इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग बन गई है। फ्रेंचाइजी की शुरुआत 15 साल पहले 2010 में हुई थी। यह हिंदी सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजीज में शामिल है। इस फ्रेंचाइजी की पहली ही फिल्म की ओपनिंग 10 करोड़ रही थी। इसके बाद हर फिल्म की पहले दिन की कमाई बढ़ी ही है।
हालांकि, हाउसफुल 5 ने फ्रेंचाइजी की अन्य फिल्मों को काफी अंतर पीछे छोड़ दिया है। (देखें टेबल)
फिल्म | रिलीज डेट | ओपनिंग |
हाउसफुल | 30 अप्रैल 2010 | 10 करोड़ |
हाउसफुल 2 | 6 अप्रैल 2012 | 14 करोड़ |
हाउसफुल 3 | 3 जून 2016 | 15.21 करोड़ |
हाउसफुल 4 | 25 अक्टूबर 2019 | 16.50 करोड़ |
हाउसफुल 5 | 6 जून 2025 | 24.35 करोड़ |
अक्षय के करियर की चौथी सबसे बड़ी ओपनर
अक्षय कुमार का करियर इस वक्त हिलोरे खा रहा है। उनकी कई फिल्में कतार में फ्लॉप हुई हैं। ऐसे में हाउसफुल 5 उनके इस खराब दौर को सुधार सकती है, जिसके संकेत पहले दिन मिल गये हैं। हाउसफुल 5 अक्षय कुमार के करियर की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है।
अगर उनकी टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट बनाएं तो सबसे बड़ी ओपनिंग 2019 में आई मिशन मंगल को मिली थी। दूसरे स्थान पर 2021 में आई सूर्यवंशी है, जबकि 2018 में आई गोल्ड तीसरे स्थान पर है। वहीं, पांचवें स्थान पर 2019 की फिल्म केसरी है।
- मिशन मंगल- 29.16 करोड़ (2019)
- सूर्यवंशी- 26.29 करोड़ (2021)
- गोल्ड- 25.25 करोड़ (2018)
- हाउसफुल 5- 24.35 करोड़ (2025)
- केसरी- 21.06 करोड़ (2019)
- सिंह इज ब्लिंग- 20.67 करोड़ (2015)
- 2.0- 20.25 करोड़ (2018)
- गुड न्यूज- 17.56 करोड़ (2019)
- हाउसफुल 4- 16.50 करोड़ (2019)
- बड़े मियां छोटे मियां- 16.07 करोड़ (2024)
यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि अक्षय की टॉप 10 फिल्मों में से 7 फिल्मों की ओपनिंग 20 करोड़ से अधिक रही है।
अगर पोस्ट पैनडेमिक एरा की बात करें तो हाउसफुल 5 अक्षय की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म है। सबसे बड़ी ओपनिंग सूर्यवंशी को मिली थी, जो 2021 में आई थी।
हाउसफुल 5 के सामने कोई बड़ी चुनौती ना होने के कारण उम्मीद की जा रही है कि फिल्म तगड़ा ओपनिंग वीकेंड करेगी। यह मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें 18 कलाकारों ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। इनमें से कुछ कलाकार हाउसफुल फ्रेंचाइजी में आते-जाते रहे हैं।
फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 5000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज हुई थी, जबकि ओवरसीज में इसे 2000+ स्क्रींस पर उतारा गया था। अक्षय कुमार के करियर की यह सबसे बड़ी रिलीज फिल्म है।