मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 5: अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बना ली है। रिलीज के पांचवें दिन भी फिल्म ने डबल डिजिट कमाई करके लम्बे सफर की तैयारी कर ली है। साल की टॉप 5 फिल्मों में पहले ही शामिल हो चुकी हाउसफुल 5 अक्षय की सबसे सफल फिल्मों में दर्ज होने वाली है।
पांच दिनों में 116 करोड़ की कमाई
मंगलवार को फिल्म ने लगभग 11.70 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जिसके बाद इसका 5 दिनों का नेट कलेक्शन (Housefull 5 Box Office Day 5) लगभग 116.68 करोड़ हो गया है। साल 2025 की टॉप 5 फिल्मों में हाउसफुल 5 फिलहाल चौथे स्थान पर है।
पहले स्थान पर विक्की कौशल की छावा है, जिसने 600.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे स्थान पर अजय देवगन की रेड 2 है, जिसने 174.15 करोड़ जुटाये हैं और तीसरे स्थान पर अक्षय की ही फिल्म स्काय फोर्स है, जिसने 131.44 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। 103.45 करोड़ के साथ पांचवें स्थान पर सलमान खान की सिकंदर है।
पहले हफ्ते में हाउसफुल 5 आसानी से स्काय फोर्स को पीछे छोड़कर साल की तीसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन जाएगी।
यह भी पढ़ें: Fake Box Office Collection: क्या आंकड़ों के साथ की जा रही हेरा फेरी? ‘काबिल’ डायरेक्टर ने फिर उठाया सवाल
हाउसफुल फ्रेंचाइजी की बात करें तो हाउसफुल 5, हाउसफुल 2 और हाउसफुल 3 के लाइफ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़कर दूसरी सबसे सफल फिल्म बन गई है। 2019 में आई हाउसफुल 4 ने 194.60 करोड़ कलेक्शन किया था।
अक्षय कुमार की फिल्मोग्राफी में हाउसफुल 5, 14वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।
6 जून को सिनेमाघरों में 5000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज हुई हाउसफुल 5 ने पहले ही दिन अपने तेवर दिखा दिये थे। फिल्म ने 24.35 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी। इसके बाद वीकेंड के बाकी दिनों में फिल्म के कलेक्शंस में उछाल आया।
रिलीज के दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शंस लगभग 33 फीसदी बढ़े और फिल्म 32.38 करोड़ जुटाने में कामयाब रही। रविवार को भी यह बढ़त जारी रही और फिल्म ने 35.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसे मिलाकर हाउसफुल 5 ने ओपनिंग वीकेंड में ही 91.83 करोड़ बटोर लिये थे।
ओवरसीज में भी फिल्म की बल्ले-बल्ले
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो हाउसफुल 5, 161.61 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। ओवरसीज में फिल्म की रफ्तार अच्छी रही है। सोमवार को फिल्म ने देश में 15.51 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि ओवरसीज में ग्रॉस कलेक्शन 3.75 करोड़ रहा।
हाउसफुल 5 दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज की गई है। तरुण मनसुखानी ने निर्देशन किया है। कहानी और स्क्रीनप्ले साजिद नाडियाडवाला ने लिखे हैं। उन्होंने ही फिल्म का निर्माण किया है। हाउसफुल 5 में कुल 19 सितारों ने अहम किरदार निभाये हैं।