मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 7: अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 ने गुरुवार को सिनेमाघरों में सात दिनों का सफर पूरा कर लिया। हालांकि, यह गुरुवार देश के लिए अच्छा नहीं रहा। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के प्लेन क्रैश से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
फिल्म इंडस्ट्री ने भी हताहतों का दुख बांटा और सोशल मीडिया के जरिए इस भीषण हादसे पर अफसोस जाहिर किया। अक्षय कुमार इस हादसे पर प्रतिक्रिया करने वाले पहले सेलिब्रिटी रहे।
इस हादसे का फिल्म के बिजनेस पर कितना असर पड़ा या बिल्कुल नहीं पड़ा? यह कहना तो मुश्किल है, मगर गुरुवार को हाउसफुल 5 के नेट कलेक्शन में उतनी ही कमी आई, जितनी उम्मीद की जा रही थी।
सात दिनों में Housefull 5 को 134 करोड़
फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन गुरुवार को 7.50 करोड़ का नेट कलेक्शन (Housefull 5 Box Office Day 7) किया है, जिसे मिलाकर फिल्म का सात दिनों (एक हफ्ता) का नेट कलेक्शन 133.58 करोड़ हो गया है। अब हाउसफुल 5 आधिकारिक तौर पर इस साल की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
इसके आगे विक्की कौशल की छावा (600 करोड़) और अजय देवगन की रेड 2 (174 करोड़) ही हैं। अजय की फिल्म को हाउसफुल 5 दूसरे हफ्ते में पीछे छोड़ सकती है। मगर, विक्की कौशल की फिल्म का रिकॉर्ड फिलहाल नहीं टूटने वाला।
2025 की Top 5 फिल्में:
- छावा- 600.10 करोड़
- रेड 2- 174.15 करोड़
- हाउसफुल 5- 133.58 करोड़
- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़
- सिकंदर- 103.45 करोड़
पहले हफ्ते में अगर हाउसफुल 5 के कलेक्शंस देखें तो इस प्रकार रहे-
- शुक्रवार (Day 1): ₹24.35 करोड़
- शनिवार (Day 2): ₹32.38 करोड़
- रविवार (Day 3): ₹35.10 करोड़
- सोमवार (Day 4): ₹13.15 करोड़
- मंगलवार (Day 5): ₹11.70 करोड़
- बुधवार (Day6): ₹9.40 करोड़
- गुरुवार (Day 7): ₹7.50 करोड़
आंकड़ों से जाहिर है कि ओपनिंग वीकेंड में 91.83 करोड़ नेट कलेक्शन करने के बाद वर्किंग वीक में फिल्म के कलेक्शंस एक निश्चित क्रम में घटे। सोमवार को 13.15 करोड़, मंगलवार को 11.70 करोड़, बुधवार को 9.40 करोड़ और गुरुवार को 7.50 करोड़।
हाउसफुल 5 अक्षय की सबसे तेज फिल्म है, जो 4 दिनों में 100 करोड़ तक पहुंची हो। इस क्लब में अब उनकी 16 फिल्में हैं। अक्षय की सिर्फ दो फिल्में 200 करोड़ क्लब में हैं। हाउसफुल 5 तीसरी हो सकती है।
हाउसफुल 5 दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज की गई है। तरुण मनसुखानी ने निर्देशन किया है। कहानी और स्क्रीनप्ले साजिद नाडियाडवाला ने लिखे हैं। उन्होंने ही फिल्म का निर्माण किया है। हाउसफुल 5 में कुल 19 सितारों ने अहम किरदार निभाये हैं।
(अंतिम आंकड़े आने के बाद यह खबर अपडेट की गई है)