मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 8: साजिद नाडियाडवाला की फिल्म हाउसफुल 5 शुक्रवार (13 जून) को रिलीज के दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर गई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अभी तक ठीकठाक प्रदर्शन किया है। हाउसफुल 5 वर्ल्डवाइड 200 करोड़ के पड़ाव को पार कर चुकी है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म डबल सेंचुरी की ओर बढ़ रही है। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंच पाती है या नहीं, इस हफ्ते में तस्वीर का रुख काफी हद तक साफ हो जाएगा। दूसरे हफ्ते में फिल्म के सामने कोई चुनौती नहीं है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर आठ दिनों में 140 करोड़
रिलीज के आठवें दिन शुक्रवार को फिल्म ने 6.60 करोड़ का कारोबार करके दूसरे हफ्ते की शुरुआत की। इसके साथ हाउसफुल 5 का 8 दिनों का नेट कलेक्शन (Housefull 5 Box Office Day 8) 140.18 करोड़ हो गया है। इस साल अक्षय की यह सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है।
वहीं, साल 2025 में अभी तक रिलीज हुई फिल्मों में तीसरे स्थान पर है। इससे आगे छावा और रेड 2 ही हैं।
यह भी पढ़ें: Housefull 5 Box Office Day 7: 2025 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म ‘हाउसफुल 5’, गुरुवार को इतनी रह गई कमाई
6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हाउसफुल 5 ने 24.35 करोड़ की ओपनिंग ली थी। ओपनिंग वीकेंड में ही फिल्म ने 91.83 करोड़ जुटा लिये थे और पहले सोमवार को चौथे दिन 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था।
अक्षय की यह सबसे तेज 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म है। इस क्लब में उनकी अब कुल 16 फिल्में हो चुकी हैं।
वर्ल्डवाइड 200 करोड़ के पार
वर्ल्डवाइड कलेक्शंस की बात करें तो हाउसफुल 5, 212.76 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जिसमें से 47.35 करोड़ ग्रॉस ओवरसीज से आया है, वहीं 165.41 करोड़ ग्रॉस घरेलू बॉक्स ऑफिस पर किया है।
तरुण मनसुखानी निर्देशित हाउसफुल 5 कॉमेडी मिस्ट्री है। फिल्म में अक्षय कुमार समेत 19 कलाकारों ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। इसकी कहानी एक क्रूज पर दिखाई गई है, जहां कत्ल हो जाता है और शक के दायरे में अक्षय, रितेश और अभिषेक बच्चन का नाम आजात है।