Housefull 5 Box Office Prediction: अक्षय कुमार की सबसे बड़ी रिलीज ‘हाउसफुल 5’, जानिए- पहले दिन की कमाई का अनुमान

Housefull 5 box office prediction. Photo- Instagram

मुंबई। Housefull 5 Box Office Prediction: हाउसफुल फ्रेंचाइजी की पांचवी फिल्म हाउसफुल 5 रिलीज के लिहाज से भी रिकॉर्ड कायम करने जा रही है। मेकर्स ने दुनियाभर में इसे बड़े पैमाने पर रिलीज करने का प्लान बनाया है। अक्षय कुमार के करियर की यह सबसे बड़ी रिलीज होगी।

85 से अधिक देशों में रिलीज होगी हाउसफुल 5

हाउसफुल 5, शुक्रवार को 85 से अधिक देशों में 1300 से ज्यादा जगहों पर 2000+ स्क्रींस पर रिलीज होगी। वहीं, भारत में फिल्म 5000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज होने जा रही है।

हाउसफुल 5 दो क्लाइमैक्स के साथ सिनेमाघरों में उतरेगी। दर्शकों की सुविधा के लिहाज से अलग-अलग वर्जंस को हाउसफुल 5 और हाउसफुल 5 बी नाम दिये गये हैं।

कथित तौर पर यह पहली बार है, जब किसी भारतीय कॉमेडी फिल्म के दो संस्करण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक साथ रिलीज होंगे। इसे गेम-चेंजिंग रणनीति के रूप में सराहा जा रहा है, जो प्रशंसकों को आश्चर्यचकित करने और दर्शकों को आकर्षित करने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह भी पढ़ें: Housefull Franchise Box Office: 15 सालों में पांचवीं फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर हाउसफुल रही है Akshay Kumar की फ्रेंचाइजी

क्या है पहले दिन की कमाई का अनुमान?

एडवांस बुकिंग की बात करें तो घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 16 हजार से अधिक शोज के लिए लगभग डेढ़ लाख टिकट बिक चुके हैं, जिससे 4.65 करोड़ की कमाई फिल्म कर चुकी है। अगर इसमें ब्लॉक सीट की कमाई भी शामिल कर ली जाए तो यह आंकड़ा करीब 10 करोड़ तक पहुंचता है।

इस आधार पर उम्मीद की जा रही है कि हाउसफुल 5, 20 करोड़ तक की ओपनिंग (Housefull 5 Box Office Prediction) ले सकती है। यह इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग हो सकती है। 2010 में पहली हाउसफुल रिलीज हुई थी, जिसने 10 करोड़ की ओपनिंग ली थी।

हाउसफुल 2 ने 14 करोड़, हाउसफुल 3 ने 15.21 करोड़ और हाउसफुल 4 ने 16.50 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। फ्रेंचाइजी की चारों फिल्मों की सफलता पांचवीं किस्त के लिए उत्प्रेरक का काम कर सकती है।

हाउसफुल 5 की कहानी और पटकथा साजिद नाडियाडवाला ने लिखी है, जो फिल्म के निर्माता भी हैं। साजिद इससे पहले मराठी फिल्म लय भारी की कहानी लिख चुके हैं। वहीं, सलमान खान की किक के साथ उन्होंने निर्देशन में कदम रखा था।

फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, चंकी पांडेय समेत 18 कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। हाउसफुल 5 कॉमेडी के साथ मर्डर मिस्ट्री है।