Housefull Franchise Box Office: 15 सालों में पांचवीं फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर हाउसफुल रही है Akshay Kumar की फ्रेंचाइजी

Housefull franchise at box office. Photo- Instagram

मुंबई। Housefull Franchise Box Office: बॉलीवुड में फ्रेंचाइजी फिल्मों का चलन नया नहीं है, बल्कि 40 के दशक में इसकी शुरुआत हो गई थी। फीयरलेस नाडिया की विजिलांटे फिल्म हंटरवाली सीरीज के साथ हिंदी सिनेमा में फ्रेंचाइजी फिल्मों ने कदम रखा।

तब से अब तक, कई फ्रेंचाइजी आ चुकी हैं। फ्रेंचाइजी फिल्में वो होती हैं, जिनमें कहानी या किरदारों का कोई सिरा आगे की फिल्मों में नजर आता है। हाउसफुल ऐसी ही कॉमेडी फ्रेंचाइजी है, जिसमें कहानी और किरदार जरूरत के हिसाब से बदलते रहते हैं, मगर फिल्म का मूल स्वभाव वही रहता है।

हिंदी सिनेमा में फ्रेंंचाइजी और सीक्वल तो खूब बने हैं, मगर हाउसफुल की बराबरी कोई नहीं कर सका। यह पांचवीं फिल्म तक पहुंचने वाली पहली फ्रेंचाइजी है। अक्षय कुमार के करियर की भी यह सबसे लम्बी चलने वाली फ्रेंचाइजी बन चुकी है।

इस लेख में जानेंगे कि हाउसफुल फ्रेंचाइजी का बॉक्स ऑफिस (Housefull Franchise Box Office) पर कैसा हाल रहा है।

हिट रही हैं सभी हाउसफुल फिल्में

हाउसफुल फ्रेंचाइजी मूल रूप से गलतफहमी से पैदा होने वाले हास्य को दिखाती है। इसमें ढेर सारे किरदार होते हैं। इन किरदारों के आपसी संबंध और उलझनें कॉमिक दृश्य पैदा करते हैं।

अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और चंकी पांडेय हाउसफुल फ्रेंचाइजी की सभी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। साजिद नाडियाडवाला इस फ्रेंचाइजी के निर्माता हैं। बॉक्स ऑफिस के लिहाज से देखें तो हाउसफुल एक सफल फ्रेंचाइजी है, जिसके सभी भाग हिट रहे हैं।

हाउसफुल फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2010 में हुई थी, जब साजिद खान ने पहली फिल्म निर्देशित की थी। इस फिल्म को 10 करोड़ की ओपनिंग मिली थी और 75 करोड़ से अधिक कलेक्शन करके यह हिट रही थी। फ्रेंचाइजी की सभी फिल्मों ने 485.36 करोड़ नेट कलेक्शन किया है।

यह भी पढ़ें: Housefull 5 Climax: दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज होगी ‘हाउसफुल 5’, अलग सिनेमाघर अलग कातिल!

फिल्मरिलीज डेटओपनिंगओपनिंग वीकेंडलाइफटाइमनतीजा
हाउसफुल30 अप्रैल 201010 करोड़29.80 करोड़75.62 करोड़हिट
हाउसफुल 26 अप्रैल 201214 करोड़42.50 करोड़106 करोड़हिट
हाउसफुल 33 जून 201615.21 करोड़53.31 करोड़109.14 करोड़हिट
हाउसफुल 425 अक्टूबर 201916.50 करोड़46.50 करोड़194.60 करोड़हिट

हाउसफुल 2 इसके दो साल बाद 2012 में आई और 14 करोड़ की ओपनिंग ली। 100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली यह इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म है।

हाउसफुल 3 को आने में चार साल लगे। 2016 में आई तीसरी फिल्म को 15.21 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दूसरी किस्त से कुछ ज्यादा 109 करोड़ रहा था।

फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म हाउसफुल 4 तीसरी फिल्म के तीन साल बाद और 16.50 करोड़ की ओपनिंग ली। यह फिल्म 200 करोड़ से थोड़ा सा पीछे रह गई थी।

छह साल बाद आ रही पांचवी फिल्म

अब हाउसफुल 5 चौथी फिल्म के छह साल बाद आ रही है। सभी फ्रेंचाइजी फिल्मों के बीच यह सबसे बड़ा अंतर है। इस अंतर का बॉक्स ऑफिस पर क्या असर होता है, यह भी देखने वाली बात होगी?

हाउसफुल 5 का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। कहानी और स्क्रीनप्ले निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने खुद लिखे हैं। इस बार पूरी कहानी क्रूज पर दिखाई गई है, जहां एक मर्डर मिस्ट्री कॉमेडी को आगे बढ़ाती है।

पांचवीं किस्त में 18 बॉलीवुड कलाकार विभन्न भूमिकाओं में दिखेंगे। अक्षय, रितेश और चंकी के अलावा अभिषेक बच्चन, नाना पाटेकर, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, डीनो मोरिया, फरदीन खान, जॉनी लीवर अहम किरदारों में हैं।

फिल्म 6 जून को सिनेमाघरों में 5000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज हो रही है। यह अक्षय की अब तक की सबसे बड़ी रिलीज फिल्मों में से एक है।

हाउसफुल 5 (Housefull Franchise Box Office) की एडवांस बुकिंग रविवार को शुरू हुई थी। फिल्म की एडवांस बुकिंग की रिपोर्ट देखें तो फिलहाल यह औसत रफ्तार से आगे बढ़ रही है। खबर लिखे जाने तक फिल्म 4 करोड़ से अधिक एडवांस बुकिंग में जमा कर चुकी है।