मुंबई। Jolly LLB 3 Box Office Day 13: अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर कोर्ट रूम ड्रामा जॉली एलएलबी 3 रिलीज के दूसरे हफ्ते में चल रही है। फिल्म की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, मगर बॉक्स ऑफिस पर निरंतर आगे बढ़ रही है, जिसके चलते फिल्म ने बुधवार को 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया।
इसके साथ ही अक्षय कुमार ने वो रिकॉर्ड बना लिया, जो ना शाह रुख, सलमान और ना ही आमिर खान के पास है। अक्षय कुमार 100 करोड़ के टॉपर बन गये हैं, यानी इस क्लब में सबसे ज्यादा फिल्में अक्षय कुमार की हो गई हैं।
13 दिनों में पार किया 100 करोड़ का पड़ाव
सैकनिल्क वेबसाइट के अनुसार, बुधवार (1 अक्टूबर) को फिल्म ने 3.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद फिल्म का 13 दिनों का नेट कलेक्शन 100.90 करोड़ हो गया है।
एक और बात गौर करने वाली है कि जॉली एलएलबी 3 की 100 करोड़ तक पहुंचने की गति जॉली एलएलबी 2 के मुकाबले धीमी रही है। जॉली एलएलबी 2 ने शतक लगाने में 12 दिन का समय लिया था।
जॉली एलएलबी 3, 19 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 12.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ओपनिंग वीकेंड में 53.50 करोड़ जमा कर लिये थे। फिल्म ने 74 करोड़ का कलेक्शन पहले हफ्ते में किया था।
यह भी पढ़ें: Bollywood Movies in October: दिवाली के महीने में बॉक्स ऑफिस पर कई पटाखे, होंगे फुस्स या करेंगे धमाका?
100 करोड़ क्लब में अक्षय की सबसे ज्यादा फिल्में
100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली जॉली एलएलबी 3 अक्षय की 19वीं फिल्म है। अगर, इस क्लब में अब सबसे ज्यादा 19 फिल्में अक्षय की हो गई हैं। अक्षय के बाद सलमान खान की 18 फिल्में हैं। अजय देवगन की 16, शाह रुख खान की 10, ऋतिक रोशन की 8 फिल्में 100 करोड़ क्लब में हैं। आमिर खान, रणबीर कपूर और रणवीर सिंह की 7-7 फिल्में शामिल हैं।
तीसरे हफ्ते में बढ़ेंगी मुश्किलें
पहले दो हफ्ते तो जॉली एलएलबी 3 के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं थी, मगर तीसरे हफ्ते में कांतारा चैप्टर 1 और सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी से मुकाबला करना होगा। इन दोनों फिल्मों की रिलीज से जॉली एलएलबी 3 की रफ्तार पूरी तरह प्रभावित होने की सम्भावना है। दोनों फिल्में आज (2 अक्टूबर) रिलीज हो चुकी हैं।
कांतारा चैप्टर 1 को लेकर हिंदी बेल्ट में भी उत्सुकता है। अगर, यह फिल्म हिंदी दर्शकों को पसंद आती है तो फिर हिंदी फिल्मों के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: South Movies in October: साउथ से आ रहीं ये फिल्में बन सकती हैं बॉलीवुड के लिए चुनौती, पढ़ें अक्टूबर की पूरी लिस्ट