Kantara Chapter 1 Box Office: कन्नड़ से कम नहीं हिंदी में क्रेज, गांधी जयंती पर ऋषभ शेट्टी की फिल्म को मिली धांसू ओपनिंग

Kantara Chapter 1 box office collection day 1. Photo- X

मुंबई। Kantara Chapter 1 Box Office: इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक कांतारा चैप्टर 1 (कांतारा 2) गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। कहने को तो कांतारा चैप्टर 1 कन्नड़ सिनेमा की फिल्म है, मगर हिंदी वर्जन भी कमाई के मामले में ज्यादा पीछे नहीं है।

कांतारा 2 ने ओपनिंग कलेक्शन की रेस में हिंदी फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी को भी पीछे छोड़ दिया है। अनुमान है कि दुनियाभर में फिल्म ने पहले दिन 100 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

60 करोड़ की शानदार ओपनिंग

कांतारा 2 को गांधी जयंती की छुट्टी का पूरा फायदा मिला और फिल्म ने बेहतरीन ओपनिंग ली। सैकनिल्क वेबसाइट के मुताबिक, कांतारा 2 ने गुरुवार को लगभग 61.85 करोड़ का नेट कलेक्शन सभी भाषाओं में किया, जिसमें से हिंदी वर्जन से 18.50 करोड़, कन्नड़ से 19.60 करोड़, तमिल से 5.50 करोड़ और मलयालम भाषा से 5.25 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है।

आप देख सकते हैं कि कमाई के मामले में हिंदी वर्जन कन्नड़ से ज्यादा पीछे नहीं है। हालांकि, यह अनुमानित आंकड़े हैं, मगर इनसे फिल्म को लेकर दर्शकों के रुझान का अंदाजा हो जाता है।

ऋषभ शेट्टी निर्देशित और अभिनीत फिल्म के देशभर में लगभग 9 हजार शोज चल रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा हिंदी के 4881 शोज हैं। कन्नड़ भाषा के शोज की संख्या सिर्फ 1601 है। निर्माता होम्बले फिल्म्स ने हिंदी बेल्ट की अहमियत समझते हुए फिल्म के सबसे ज्यादा शो हिंदी में ही रखे हैं, जिसका नतीजा सामने है।

यह भी पढ़ें: South Movies in October: साउथ से आ रहीं ये फिल्में बन सकती हैं बॉलीवुड के लिए चुनौती, पढ़ें अक्टूबर की पूरी लिस्ट

हिंदी वर्जन ने वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी से बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसने पहले दिन लगभग 10.11 करोड़ नेट कलेक्शन किया।

यहां गौर करने वाली बात यह है कि हिंदी बेल्ट में जो रिस्पॉन्स साउथ की फिल्मों को मिलता है, वो हिंदी फिल्मों को साउथ में नहीं मिलता। यह ट्रेंड बताता है कि हिंदी का दर्शक हर प्रकार के कंटेंट का खुली बाहों से स्वागत करता है, चाहे वो किसी भाषा का हो। वहीं, दक्षिण भारत के दर्शकों का बड़ा वर्ग अपनी भाषाई हदों में संकुचित है।

पहले दिन सबसे ज्यादा टिकटों की बिक्री का रिकॉर्ड

कांतारा 2 पूरे देश में फायर बनी हुई है। होम्बेले फिल्म्स के मुताबिक, बुक माई शो वेबसाइट पर 24 घंटों में फिल्म के 1.28 मिलियन से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। 2025 में किसी फिल्म की पहले दिन के लिए यह हाइएस्ट बिक्री है।

माइथोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म कांतारा 2022 में आई थी। हिंदी में भी फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया था। इस फिल्म के लिए ऋषभ शेट्टी को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। कांतारा 2 में गुलशन देवैया ने भी एक अहम भूमिका निभाई है। यह कांतारा का प्रीक्वल है और दैव की उत्पत्ति पर रोशनी डालती है।

(अंतिम आंकड़े आने के बाद शनिवार को खबर को अपडेट किया गया है)